Punjab Election 2027 : पंजाब में छह साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अकाली दल फिर एक साथ आए हैं। दोनों ही पार्टियां मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिअद सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में 2027 का चुनाव साथ लड़ने के लिए गठबंधन का ऐलान हुआ। चुनाव से पहले दोनों राजनीतिक पार्टियों का एक साथ आना पंजाब की सियासत में बड़ी घटना माना जा रहा है। चुनावी रणनीतिकारों का मानना है कि शिअद और भाजपा की संयुक्त ताकत राज्य में एक मजबूत सियासी मोर्चा बनेगी। शिअद और भाजपा का साथ काफी पुराना है लेकिन तीन कृषि कानूनों के विरोध में शिअद 2020 में एनडीए से अलग हो गया।
अलग-अलग लड़ा 2022, 2024 का चुनाव
इसके बाद दोनों ही पार्टियों ने 2022 का विधानसभा और 2024 का लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा। विधानसभा चुनाव में भाजपा को राज्य में दो सीटें और शिअद को तीन सीटें मिलीं। लोकसभा चुनाव में शिअद बस एक मात्र पटियाला सीट ही जीत पाई। पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ने से दोनों पार्टियों का नुकसान हुआ। हालांकि, शिअद से गठबंधन टूटने के बाद भाजपा ने राज्य में अपनी सांगठनिक क्षमता एवं नेतृत्व को मजबूत किया। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत जो कि 9.63 फीसद था, वह 2024 में बढ़कर 18.56 प्रतिशत हो गया। जाहिर है कि पंजाब में भाजपा का ग्राफ बढ़ा है लेकिन वह अकेले दम पर कुछ बड़ा प्रभाव नहीं डाल सकती। सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने पंजाब चुनाव को लेकर सर्वे कराए हैं।
भाजपा-शिअद देंगे विकल्प देने के संकेत
इस सर्वे में भी यही बात कही गई है। सर्वे की मानें तो भाजपा अकेले चुनाव लड़ती है तो दर्जन भर सीटों पर उसकी जीत हो सकती है लेकिन वह कोई बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में नहीं उभरेगी। हां, अगर शिअद के साथ मिलकर वह चुनाव लड़ती है तो इसका फायदा दोनों दलों को होगा। चुनावी रणनीतिकारों का मानना है कि साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर भाजपा-शिअद पंजाब में एक प्रमुख ताकत के रूप में उभर और AAP को चुनौती दे सकते हैं। साथ आकर चुनाव लड़ने पर लोगों के बीच यह संदेश जाएगा कि ये मान सरकार का विकल्प दे सकते हैं क्योंकि पिछले समय में भाजपा-शिअद गठबंधन सफलतापूर्वक राज्य की कमान संभाल चुका है।
भाजपा-शिअद 5 विधानसभा चुनाव नतीजे
- 1997 भाजपा-18 शिअद-75 कुल-93
- 2007 भाजपा-19 शिअद-49 कुल- 68
- 2012 भाजपा-12 शिअद-56 कुल- 68
- 2017 भाजपा-3 शिअद-15 कुल-18
- 2022 भाजपा 2 शिअद-3 कुल- 5
bjp
एक-दूसरे की ताकत से फायदा उठाएंगे शिअद-भाजपा
अकाली दल (SAD) और बीजेपी के फिर से साथ आने से दोनों दलों के सामने चुनावी अवसरों के साथ-साथ राजनीतिक चुनौतियां भी हैं। अकाली दल के लिए यह गठबंधन अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने और बीजेपी की संगठनात्मक ताकत व ग्रामीण इलाकों में बढ़ते प्रभाव का फायदा उठाने का मौका हो सकता है। वहीं, बीजेपी को उन ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंच बनाने में मदद मिल सकती है, जहां वह ऐतिहासिक रूप से अपने दम पर मजबूत पकड़ बनाने में संघर्ष करती रही है।
हालांकि, 2027 के राजनीतिक हालात 1997 से काफी अलग हैं, जब दोनों दल पहली बार एक साथ आए थे। कृषि कानून और किसानों का आंदोलन अब भी अहम राजनीतिक मुद्दे हैं। वहीं, बेअदबी का मुद्दा अकाली दल की विश्वसनीयता को प्रभावित करता रहा है। बीजेपी को भी किसानों के आंदोलन से निपटने के अपने तरीके को लेकर बनी धारणा का सामना करना होगा। खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह से जुड़े अकाली दल (वारिस पंजाब दे) और बागी धड़े SAD (पुनर सुरजीत) भी अकाली दल के सामने चुनौतियां पेश कर रहे हैं।
किसानों का समर्थन अपने आप ट्रांसफर नहीं होगा
किसान संगठनों ने अकाली दल का समर्थन किया था, लेकिन यह जरूरी नहीं कि उनका समर्थन बीजेपी उम्मीदवारों को भी मिल जाए।
सीटों का बंटवारा बन सकता है विवाद की वजह
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पंजाब में 18.56 फीसदी वोट मिले थे, लेकिन पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। वहीं, अकाली दल को 13.42 फीसदी वोट मिले और उसने बठिंडा सीट पर अपनी जीत बरकरार रखी।
अकाली दल की विश्वसनीयता की परीक्षा
बरगाड़ी बेअदबी मामला और इसके बाद हुई पुलिस फायरिंग अकाली दल के लिए अब भी राजनीतिक चुनौतियां बनी हुई हैं। इसके अलावा, अकाली दल के पारंपरिक वोट बैंक पर दूसरे अकाली गुटों की भी नजर है।
sad
कैसे हुआ था अकाली-बीजेपी गठबंधन?
अकाली दल और बीजेपी की साझेदारी की नींव चुनावी मजबूरियों, एक-दूसरे के पूरक वोट बैंक और पंजाब में उग्रवाद के लंबे दौर के बाद राजनीतिक स्थिरता की जरूरत पर टिकी थी। हालांकि, दोनों दलों का रिश्ता बिल्कुल नया नहीं था। इससे पहले 1960 और 1970 के दशक में अकाली दल, बीजेपी के पूर्ववर्ती संगठन भारतीय जनसंघ के साथ भी गठबंधन कर चुका था। 1997 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में बेअंत सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी। यह सरकार 1992 के चुनाव के बाद सत्ता में आई थी, जिनका प्रमुख अकाली गुटों ने बहिष्कार किया था। उस समय विपक्ष एकजुट हो रहा था। दोनों दलों को एहसास था कि अलग-अलग चुनाव लड़ने से कांग्रेस विरोधी वोट बंट सकते हैं।
दोनों दलों की ताकत एक-दूसरे की पूरक
अकाली दल का ग्रामीण इलाकों में, खासकर सिख किसान समुदाय के बीच मजबूत जनाधार था, जबकि बीजेपी का शहरी विधानसभा क्षेत्रों में अच्छा प्रभाव था। दोनों दलों की ताकत एक-दूसरे की पूरक थी। इससे गठबंधन को मतदाताओं के एक बड़े वर्ग को एकजुट करने में मदद मिली। बीजेपी के पूर्व पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ कई बार यह बात दोहरा चुके हैं कि यह गठबंधन केवल चुनावी समझौता नहीं था, बल्कि इसका उद्देश्य उग्रवाद के कठिन दौर के बाद पंजाब के सामाजिक ताने-बाने और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखना भी था।
