Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 23-July-2025: दिल्ली-एनसीआर को काले बादलों ने ढक रखा है। सुबह से ही राजधानी के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश शुरू है। मौसम विभाग ने 23 जुलाई यानी आज झमाझम बारिश का अलर्ट घोषित किया है। हवाओं के साथ जमीन पर पहुंच रहीं बूदों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है, शाम होते होते बादलों का रुख और गाढ़ा हो सकता है और विभिन्न इलाकों में मध्यम से तेज बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है, जो इस साल के इस समय के लिए सामान्य तापमान होगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार को सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में कितनी बारिश
आईएमडी की मानें तो दिल्ली में 29 जून को पहुंचे मानसून में अब तक जितनी बारिश हुई है, वह सामान्य बारिश से करीब आठ प्रतिशत ज़्यादा है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में अब तक 234.6 मिमी बारिश हुई है जबकि सामान्य बारिश 217.5 मिमी होती है। बुधवार को अधिक बारिश के कारण जनजीवन पर भी असर पड़ेगा। खासकर, ऑफिस जाने वाले लोग और रोजमर्रा के काम से घर से बाहर निकले लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली में जलभराव की समस्या
तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की समस्याएं हो रही हैं। मंगलवार को आईटीओ, ओल्ड रोहतक रोड, दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-आठ), महरौली-बदरपुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड, पीरागढ़ी से आईएसबीटी(अंतरराज्यीय बस अड्डा), मधुबन चौक, दिल्ली-गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ पर कई घंटों तक भारी जाम की स्थिति रही। महरौली-बदरपुर मार्ग सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां दोपहर तक जाम लगा रहा। लोगों ने घंटों जाम में फंसे होने से जुड़ी अपनी परेशानियां साझा करने के लिए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ का सहारा लिया।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
पिछले कई दिनों से जारी मानसूनी बारिश के कारण प्रदूषण के स्तर में काफी कमी आई है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली में एक्यूआई ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
