Delhi Third Ring Road: दिल्लीवासियों को जल्द ही तीसरी रिंग रोड मिलने वाली है। जिससे राजधानी में ट्रैफिक की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। दिल्ली की तीसरी रिंग रोड के रूप में बनाई जा रही छह लेन वाली
तीसरी रिंग रोड का 95 फीसदी काम पूरा
अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II) करीब 8000 करोड़ रुपये की लागत से बन रही है। इस प्रोजेक्ट का 95% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके नजफगढ़ मुंडका और अलीपुर जैसे इलाकों से गुजरने वाले हिस्सों को पहले ही चालू कर दिया गया है। हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट के साथ इस प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक भी हुई। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल कुल 2.34 लाख करोड़ रुपये की लागत से 594 किलोमीटर लंबा सड़क नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा 23,850 करोड़ की लागत से 128 किलोमीटर की अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी जल्द ही काम शुरू होगा।
दिल्ली और हरियाणा को जोड़ेगी रिंग रोड
UER-II दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाला 76 किमी लंबा कॉरिडोर है। जिसका 54.21 किमी हिस्सा दिल्ली और 21.5 किमी हिस्सा हरियाणा में है। इसके दिल्ली वाले हिस्से की लागत दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने उठाई है, जबकि इसका निर्माण NHAI द्वारा किया जा रहा है। इस रिंग रोड के बनने से चंडीगढ़, गुरुग्राम और IGI एयरपोर्ट के बीच तेज कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। साथ ही नजफगढ़, मुंडका, कराला, अलीपुर और बवाना जैसे इलाके मुख्य सड़क नेटवर्क से जुड़ पाएंगे। इस रोड के निर्माण से दक्षिण दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और NH-48 जैसे मुख्य मार्गों से भी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इस प्रोजेक्ट को मूल रूप से दिल्ली मास्टर प्लान रोड 2021 के तहत प्रस्तावित किया गया था, जिसे बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर 5 चरणों में बनाया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
