Delhi News: वर्तमान समय में लोगों में रील का क्रेज बढ़ता ही जा रहा है। मशहूर होने के लिए और लोगों का अटेंशन पाने के लिए कई लोग सोशल मीडिया पर रील बनाकर डालते रहते हैं। इन रील में उन्हें कई तरह की चीजें करते हुए देखा जा सकता है। कोई किसी मशहूर फिल्मी स्टार की एक्टिंग करता है, तो वहीं कोई गानों पर डांस करता हुआ दिख जाता है। ऐसे ही कई लोग है, जो नए कंटेंट के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना कुछ खतरनाक काम तक करते हैं। ऐसा ही एक मामला राजधानी दिल्ली से सामने आया है। यहां एक युवक को रील बनाने के लिए कार से साथ करतब करते हुए देखा गया है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक वीडियो को देख दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और इस युवक को पूर्वोत्तर दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से हिरासत में लिया। दिल्ली पुलिस ने युवक पर 12,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
कार के साथ युवक ने किया खतरनाक करतब
पुलिस उपायुक्त ने जॉय टिर्की ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि अंशुल चौधरी (22) नाम के एक युवक को दिल्ली शास्त्री पार्क इलाके से कार के साथ खतरनाक करतब करने के मामले में हिरासत में लिया गया है। टिर्की ने बताया कि युवक गाजियाबाद का रहने वाला है। उन्होंने मामले की अधिक जानकारी देते हुए बताया कि तीन अप्रैल को एक व्यस्त सड़क पर काले शीशे वाली काली महिंद्रा स्कॉर्पियो के साथ खतरनाक करतब वाला वीडियो सोशल मीडिया 'एक्स' पर आया था।
इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस की एक टीम ने वाहन की तलाश शुरू की, जो बाद में शास्त्री पार्क इलाके में मिली। उन्होंने बताया कि कार ट्रैफिक के लिए अधिकृत मार्ग के विपरीत चल रही थी और उसकी नंबर प्लेट भी ऐसे डिजाइन वाली थी, जिस पर उसका पंजीकरण नंबर नहीं दिख रहा था। टिर्की ने कहा कि आरोपी ने रील शूट करने के लिए कार के साथ सड़क पर करतब किया था। इस करतब की वीडियो सोशल मीडिया पर इसलिए साझा की गई ताकि उसके फॉलोअर्स की संख्या बढ़ सकें। इस मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस द्वारा युवक पर 12,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस ने उसकी कार को भी जब्त कर लिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
