Delhi News: दिल्ली पुलिस ने 24 वर्षीय एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के साथ 13 मामलों को सुलझा लिया है, जिसमें आरोपी ने कथित तौर पर आभूषणों के आदान-प्रदान के लिए मध्यस्थ बनकर लोगों को धोखा दिया था। आरोपी की पहचान आनंद पर्वत निवासी सूरज के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे अरेस्ट किया। हालांकि इसका दूसरा साथी अभी भी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
सीसीटीवी से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 8 दिसंबर को पंजाबी बाग पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें शिकायतकर्ता ने कहा कि दो लोगों ने उसे करेंसी के पैकेट (एक लाख रुपये) के बहाने उसके सोने की बाली, नाक की पिन और लॉकेट के आभूषण बदलने का लालच दिया और उसे धोखा दिया। जांच के दौरान, एक पुलिस टीम ने घटना स्थल की जांच की और साथ ही घटना स्थल और आस-पास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला।
आरोपी के साथी को पकड़ने के लिए छापेमारी
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने कहा कि एक सीसीटीवी में विश्लेषण करने पर दो आरोपियों को स्पष्ट रूप से देखा गया और उनमें से एक की पहचान मादीपुर के निवासी के रूप में की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम ने एक आरोपी सूरज को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने एक साथी आकाश उर्फ प्रिंस निवासी रघुबीर नगर दिल्ली के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। डीसीपी ने कहा कि उसके साथियों को पकड़ने के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
