राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चोरी, झपटमारी और लूट करने वाले बदमाशों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। इसकी रोकथाम के लिए दिल्ली पुलिस ने एक सफल अभियान चलाया। इस अभियान के तहत बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस ने नाबालिग समेत 7 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जो वाहन चोरी और झपटमारी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि यह सातों आरोपी तीन अलग-अलग घटनाओं में शामिल थे।
पेट्रोलिंग के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और एक पिस्टल बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी एक संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ा गया, जिसके पास से एक पिस्टल और कारतूस मिले। जांच में पता चला कि यह बाइक अलीपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पकड़े गए आरोपी की पहचान आनंद मोहन उर्फ गंजा के रूप में हुई, जो समयपुर बादली थाने का कुख्यात अपराधी है।
सीसीटीवी के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
एक अन्य मामले में, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़ितों के बयानों के आधार पर तीन से चार संदिग्धों की पहचान की, जिन्होंने झपटमारी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने जीटीके रोड के पास दो संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास एक चोरी का मोबाइल फोन था। पूछताछ के दौरान, आरोपी पुलिस को सिरसपुर ले गए, जहां उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
इनमें से एक आरोपी सोनू उर्फ गंजा उर्फ भरत है, जो पहले से ही चोरी और झपटमारी के मामलों में शामिल रहा है। अन्य आरोपियों में मोहित उर्फ मंटोला और नाबालिग शामिल हैं। इसके अलावा, आठ जुलाई को राणा पार्क के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
