Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega Delhi NCR Main: दिल्ली-एनसीआर का मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। पिछले दिनों चली आंधी और तूफान के बाद शहर का तापमान एक बार फिर बढ़ने लगा था। गुरुवार को शहर का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन शाम होते-होते दिल्ली के कई क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चली। वहीं मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली-नोएडा के कई क्षेत्रों में दोपहर के समय हल्की बारिश दर्ज की गई। बदलते मौसम को देखते हुए आईएमडी (IMD) ने 20 अप्रैल को बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम में बदलाव के साथ बढ़े बुखार-जुकाम के मामले
आये दिन बदलते मौसम के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। अस्पतालों में अधिकतर मरीज खांसी, जुकाम और बुखार के नजर आ रहे हैं। मौसम में बदलाव के साथ जुकाम और बुखार के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। दिन प्रतिदिन रंग बदले मौसम को देखते हुए डॉक्टरों ने भी लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
एक बार फिर लुढ़केगा पारा
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार यानी आज बारिश के साथ तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से शहर का तापमान 38 डिग्री बना हुआ है। लेकिन बारिश और हवाओं के चलने से शहर के तापमान में कमी आ सकती है। इस दौरान तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 20 अप्रैल को धूल भरी आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि आंधी और तेज हवाओं का ये सिलसिला आने वाले 5 दिनों तक ऐसे ही जारी रहेगा। बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्ली-नोएडा सहित गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। साथ ही बता दें कि मई में एक और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में फिर बदलाव देखे जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
