Delhi News: दिल्ली मेट्रो में सफर कर रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ाने वाले एक महिला चोर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नेहरू प्लेस मेट्रो थाना पुलिस ने इस गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो भीड़-भाड़ वाले समय में यात्रियों का सामान चोरी की वारदातों को अंजाम देती थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की नकदी भी बरामद की है।
यात्री की शिकायत से खुला मामला
गिरफ्तारी की यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब एक यात्री ने गुरुवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह लाजपत नगर से मजलिस पार्क के बीच मेट्रो यात्रा कर रहे थे, तभी उनके बैग से नकदी चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर नेहरू प्लेस मेट्रो थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
CCTV से मिली अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध महिलाएं सराय काले खां मेट्रो स्टेशन की ओर जाती हुई नजर आईं। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को सराय काले खां-हजरत निजामुद्दीन मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे देतीं थीं वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान लक्ष्मी उर्फ ज्योति, संजना, संध्या और जाह्नवी के रूप में हुई है। ये सभी शादीपुर कठपुतली कॉलोनी की निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के तौर पर काम करती थीं और खासतौर पर मेट्रो की भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में व्यस्त समय के दौरान यात्रियों का सामान चोरी करती थीं। वे यात्रियों का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाती थीं, जैसे रास्ता पूछना, जानबूझकर धक्का देना या मदद का नाटक करना, ताकि वे आसानी से बैग से सामान निकाल सकें। पुलिस ने मुख्य आरोपी लक्ष्मी के पास से 2,000 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
