December Mein kahan ghoom sakte hain: दिसंबर का महीना आते ही घूमने का मन होने लगता है। हल्की ठंड, छुट्टियों का माहौल और साल खत्म होने से पहले कुछ अच्छा समय बिताने की इच्छा। ऐसे में अगर आप इस बार महाराष्ट्र और केरलम के बीच किसी एक जगह को चुनने की सोच रहे हैं, तो फैसला थोड़ा मुश्किल हो सकता है। दोनों ही जगहों की अपनी खूबसूरती है। महाराष्ट्र में पहाड़, समुद्र, ऐतिहासिक किले और जीवंत शहर हैं। वहीं केरल में हरियाली, बैकवॉटर, समुद्र तट और प्रकृति के बीच ठहरकर सुकून महसूस करने का मौका मिलता है।
लेकिन दिसंबर में घूमने के लिहाज से कौन-सी जगह बेहतर रहेगी? इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपनी छुट्टियों में क्या तलाश रहे हैं। रोमांच, परिवार के साथ मस्ती, प्रकृति या फिर कुछ दिन की शांति।
दिसंबर में महाराष्ट्र घूमना क्यों रहेगा अच्छा
अगर आपको एक ही ट्रिप में अलग-अलग तरह के अनुभव पसंद हैं, तो महाराष्ट्र अच्छा विकल्प हो सकता है। दिसंबर में यहां का मौसम घूमने-फिरने के अनुकूल रहता है। खासकर अक्टूबर से फरवरी के बीच महाराष्ट्र के कई पर्यटन स्थलों पर मौसम सुहावना होता है।
महाराष्ट्र में इन जगहों को कर सकते हैं एक्सप्लोर
- महाबलेश्वर: ठंडी हवा, हरी-भरी वादियां, स्ट्रॉबेरी फार्म और खूबसूरत सनसेट।
- लोनावला: पहाड़, झरने और प्राकृतिक नजारे। परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा विकल्प।
- अलीबाग: समुद्र किनारे समय बिताने और बीच हॉलिडे के लिए बढ़िया जगह।
- मुंबई: मरीन ड्राइव, गेटवे ऑफ इंडिया, स्ट्रीट फूड और शहर की रौनक।
- अजंता-एलोरा: इतिहास और भारतीय कला को करीब से देखने का शानदार मौका।
महाराष्ट्र उन लोगों को ज्यादा पसंद आएगा जो घूमने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति, खानपान और ऐतिहासिक जगहों को भी एक्सप्लोर करना चाहते हैं।
दिसंबर में केरलम क्यों है खास
अगर आप रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर कुछ दिन प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं, तो केरल बेहतर चुनाव हो सकता है। दिसंबर में यहां का मौसम आमतौर पर गर्म और सुहावना रहता है। पहाड़ी इलाकों में ठंडक महसूस होती है, जबकि समुद्र किनारे मौसम थोड़ा गर्म रह सकता है।
केरलम में इन जगहों को जरूर देखें
- मुन्नार: चाय के बागान, धुंध से ढकी पहाड़ियां और ठंडी सुबहें। प्रकृति प्रेमियों के लिए शानदार जगह।
- अलेप्पी: बैकवॉटर में हाउसबोट की सवारी और पानी के बीच बसे गांवों को देखने का अनुभव।
- थेक्कडी: जंगल, वन्यजीव और पेरियार झील में बोटिंग का आनंद।
- कोच्चि: पुरानी इमारतें, कैफे, चर्च और क्रिसमस के दौरान सजी हुई सड़कें।
- वर्कला: समुद्र किनारे खूबसूरत चट्टानें, बीच और आराम से छुट्टियां बिताने का मौका।
केरल की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां पहाड़, जंगल, समुद्र और बैकवॉटर एक ही यात्रा में देखे जा सकते हैं।
महाराष्ट्र और केरलम घूमने में क्या अंतर रहेगा
महाराष्ट्र और केरल घूमने के अनुभव में काफी अंतर है। महाराष्ट्र में आपको पहाड़, ऐतिहासिक किले और समुद्र तट देखने को मिलेंगे, जबकि केरल अपनी हरियाली, पहाड़ियों और खूबसूरत बैकवॉटर के लिए मशहूर है। मौसम की बात करें तो दिसंबर में महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सुहावना रहता है। केरल के तटीय इलाकों में हल्की गर्मी, जबकि मुन्नार जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक महसूस होती है।
परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए दोनों जगह अच्छी हैं, लेकिन केरल में बच्चों और बड़ों के लिए प्रकृति के बीच कई तरह के अनुभव मिलते हैं। वहीं, रोमांटिक ट्रिप के लिहाज से केरल थोड़ा बेहतर विकल्प हो सकता है। एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए महाराष्ट्र में ट्रेकिंग और किलों की सैर का मौका है, जबकि केरल में जंगल सफारी, बोटिंग और ट्रेकिंग का आनंद लिया जा सकता है।
समय की बात करें तो महाराष्ट्र घूमने के लिए 4 से 6 दिन और केरल को अच्छी तरह एक्सप्लोर करने के लिए 6 से 7 दिन का समय रखना बेहतर रहेगा।
दिसंबर में किस जगह का प्लान बनाना रहेगा बेहतर
अगर आपके पास 4-5 दिन हैं और आप ज्यादा भागदौड़ नहीं करना चाहते, तो महाराष्ट्र चुन सकते हैं। लेकिन अगर 6-7 दिन की छुट्टियां हैं और आप प्रकृति के अलग-अलग रंग देखना चाहते हैं, तो केरलम बेहतर रहेगा।
एक बात और ध्यान रखें। दिसंबर के आखिरी 10 दिनों में दोनों जगह पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। क्रिसमस और न्यू ईयर के आसपास होटल और फ्लाइट के किराये भी बढ़ सकते हैं। इसलिए पहले से बुकिंग करना समझदारी होगी।
