दिल्ली

Delhi IGI Airport: शराब के नशे में आरोपी ने दी थी एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, फर्जी कॉल करने वाला गिरफ्तार

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 17, 2024, 05:42 PM IST

आईजीआई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच के बाद पता चला कि यह एक फर्जी कॉल था, जिसे आरोपी ने शराब के नशे में किया था।

Image

फर्जी कॉल करने वाला आरोपी गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

Delhi IGI Airport: फर्जी कॉल करके आईजीआई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कृष्णो महतो के रूप में हुई है, जो बिहार के पश्चिम चंपारण जिले का रहने वाला है। आरोपी ने शराब के नशे में धुत होकर यह फर्जी कॉल किया था, इसमें उसने आईजीआई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। 28 जनवरी को शाम 5:11 बजे आईजीआई पुलिस स्टेशन पर एक फोन आया था, इसमें कहा गया था, ''मैं एयरपोर्ट पर ब्लास्ट कर दूंगा।"

कॉल आने के बाद हाई अलर्ट पर थी पुलिस

पुलिस उपायुक्त (आईजीआई) उषा रंगनानी ने कहा कि कॉल पर मिली सूचना की गंभीरता और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर कर दिया गया था और इसके अलावा उस पूरे क्षेत्र में आपातकाल घोषित कर दिया गया था। डीसीपी ने अपने बयान में कहा कि एसओपी में निर्धारित दिशानिर्देशों एवं प्रोटोकॉल को यात्रियों की सुरक्षा के लिए पालन करने का निर्देश दिया गया था। वहीं एयरपोर्ट पर सर्च अभियान चलाने के बाद पता चला कि यह कॉल पूरी तरह से फर्जी था। जांच के बाद फर्जी कॉल करने वाला नंबर प्राप्त हुआ। तकनीकी निगरानी की गई, लेकिन कॉल करने वाले के बारे में पर्याप्त सुराग नहीं मिल सका।

दिल्ली के कापसहेड़ा से गिरफ्तार

डीसीपी ने अपने बयान में कहा कि लगातार तकनीकी निगरानी स्थापित करने के बाद यह मोबाइल नंबर कृष्णो मेहतो के नाम पर पंजीकृत मिला। इसके बाद पश्चिम चंपारण के साठी, सोमगढ़ गांव मेंं छापेमारी की गई, लेकिन कृष्णो मेहतो के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। छापेमारी के बाद कृष्णो महतो घर पर नहीं मिला। उसके परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि यह मोबाइल नंबर महतो इस्तेमाल कर रहा है, लेकिन वो यहां नहीं, बल्कि दिल्ली में रहता है, जहां वो मजदूरी करके अपनी आजीविका चला रहा है। डीसीपी ने कहा कि उन्होंने खुलासा किया कि 28 जनवरी के बाद वह न तो गांव गए थे और न ही उन्हें उनसे कोई फोन आया था। इसके बाद मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए महतो को दिल्ली के कापसहेड़ा में उसके एक ठिकाने से पकड़ा गया। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया और खुलासा किया कि 28 जनवरी को वह शराब के नशे में था और जब उसने बम की झूठी कॉल की तो वह अपने होश में नहीं था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article