Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में छह वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बलराज को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद आरोपी को नोएडा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया था।
यह घटना ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दोनी गांव की है। शुक्रवार, 28 अगस्त को छह साल की बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बच्ची की तलाश के लिए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बलराज नाम का व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को बच्ची का शव बरामद हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के बाद हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए पांच टीमें गठित कीं और तेजी से कार्रवाई शुरू की।
पिस्टल बरामद करने पहुंची पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शनिवार दोपहर गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने एक पिस्टल अपने पास होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची। पुलिस का दावा है कि वहां आरोपी ने पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी बलराज को गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी से सामने आई पूरी वारदात
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि बच्ची के लापता होने के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई। फुटेज में आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाता नजर आया। कुछ अन्य फुटेज में वह बच्ची को एक बोरी में डालकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसके बाद हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई।
