The Great Khali Car Accident: हरियाणा के पानीपत से मशहूर WWE रेसलर द ग्रेट खली से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब से सोनीपत की ओर सफर कर रहे द ग्रेट खली की फॉर्च्यूनर गाड़ी पानीपत टोल प्लाजा के पास मामूली सड़क हादसे का शिकार हो गई।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई
बताया जा रहा है कि घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वहां अफरातफरी जैसा माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि द ग्रेट खली पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है।
अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, द ग्रेट खली जिस फॉर्च्यूनर में सफर कर रहे थे, उसके आगे एक इनोवा कार चल रही थी। बताया गया कि टोल प्लाजा के नजदीक इनोवा कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। सामने चल रही गाड़ी के अचानक रुकने के कारण फॉर्च्यूनर के चालक को भी तत्काल ब्रेक लगाना पड़ा। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच हल्की टक्कर हो गई।
द ग्रेट खली सुरक्षित
हादसे में फॉर्च्यूनर को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, टक्कर की वजह से किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी। द ग्रेट खली की टीम के सदस्य अनिल शर्मा ने भी घटना को मामूली दुर्घटना बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई और द ग्रेट खली सुरक्षित हैं।
दूसरी गाड़ी से आगे के लिए रवान हुए द ग्रेट खली
वहीं घटना के बाद द ग्रेट खली ने अपनी दूसरी गाड़ी का सहारा लिया और वहां से आगे के लिए रवाना हो गए।हादसे की खबर फैलते ही मौके पर मौजूद लोगों में भी उत्सुकता और चिंता का माहौल देखने को मिला। ऐसे में फिलहाल दुर्घटना के संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
