शहर

दिल्ली-NCR में ऑटो-टैक्सी का सफर होगा महंगा? 9 सितंबर को यूनियन का चक्का जाम, जानें क्या है मांग

Delhi-NCR CNG Price Hike: दिल्ली-एनसीआर में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) द्वारा सीएनजी की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब राजधानी में सीएनजी 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे 9 सितंबर को चक्का जाम और हड़ताल करेंगे।

Image

ट्रांसपोर्टर्स की खुली चेतावनी (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Delhi-NCR CNG Price Hike: राजधानी दिल्ली और आसपास के पूरे एनसीआर क्षेत्र में शनिवार से सीएनजी की कीमतों में हुई अचानक बढ़ोतरी ने आम जनता के साथ-साथ ऑटो और टैक्सी चालकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (Indraprastha Gas Limited) ने शनिवार सुबह से सीएनजी के दामों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा कर दिया है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 86.98 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है।

सीएनजी महंगी होते ही दिल्ली के परिवहन संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है और सरकार से तुरंत ऑटो-टैक्सी का किराया बढ़ाने की मांग की है। ऑटो रिक्शा एसोसिएशन और दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन के महासचिव राजेंद्र सोनी ने एक बयान जारी कर कहा कि इस अचानक हुई बढ़ोतरी ने गरीब ड्राइवरों की कमर तोड़कर रख दी है। उन्होंने बताया कि पिछले दो से तीन महीनों के दौरान सीएनजी की कीमतों में धीरे-धीरे करके करीब 10 से 11 रुपये प्रति किलो की कुल बढ़ोतरी हो चुकी है।

ऑटो और टैक्सी के किराए में करें बढ़ोतरी-यूनियन की मांग

ऐसे में चालकों के लिए अब पुरानी दरों पर गाड़ियां चलाना नामुमकिन सा हो गया है। सोनी ने दिल्ली सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सरकार एक हफ्ते के भीतर ऑटो और टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी करे या फिर चालकों को सीएनजी पर सब्सिडी दे। अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो 9 सितंबर को दिल्ली में हड़ताल की जाएगी। केवल यात्री वाहन ही नहीं, बल्कि सामान ढोने वाले ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने भी इस बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध जताया है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष क्या बोले?

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर का कहना है कि सीएनजी के दाम बढ़ने से सिर्फ चालकों पर असर नहीं पड़ेगा, बल्कि इसका सीधा असर आम आदमी की जेब, परिवहन उद्योग और बाजार में मिलने वाली जरूरी चीजों के दामों पर भी देखने को मिलेगा। कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी के पीछे आईजीएल का कहना है कि सीएनजी की आपूर्ति के लिए काफी हद तक आयातित लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) पर निर्भर रहना पड़ता है। मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलएनजी के दाम काफी बढ़ गए हैं, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article