Delhi Maximum Temperature : राजधानी दिल्ली में गर्मी अपने शबाब पर है। क्या दिन क्या रात चौबीस घंटे गर्मी बेहाल कर रही है। राजधानी के कई क्षेत्र उबल रहे हैं और सूरज अपने तेवर कम करने का नाम नहीं ले रहा है। सोमावर को मुंगेशपुर का तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, नजफगढ़ में 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, नरेला में 48.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया और इसके अलावा पीतमपुरा में 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पूसा और जफरपुर में 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
जानें कहां कितना तापमान
दिल्ली के सफदरजंग में सोमवार को 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में 46 डिग्री तापमान रहा। वहीं रिज में 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया और सबसे अधिक आया नगर में 46.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसी प्रकार राजधानी के सभी इलाकों में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि भीषण गर्मी का सामना कर रहे राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर पश्चिम भारत के लोगों को 30 मई के बाद भीषण लू से राहत मिल सकती है।
लू का असर होगा कम
आईएमडी के महानिदेशक ने ऑनलाइन प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के हिस्सों में भीषण लू चल रही है और यह अगले तीन दिनों तक जारी रह सकती है, लेकिन 30 मई से इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी, क्योंकि एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण देश के उत्तर पश्चिम और मध्य भागों में गरज के साथ वर्षा होने और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
इन राज्यों में राहत
हालांकि, यह राहत अस्थायी होगी और जून के महीने में दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि जून में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश समेत उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से ज्यादा दिनों तक तेज लू चल सकती है। आईएमडी प्रमुख के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, दक्षिणी हरियाणा, दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश और पंजाब में पांच से सात दिन-- 17 से 20 मई और 25-26 मई को लू की स्थिति रही तथा पारा 44-48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
