Delhi News: दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों और अतिक्रमण की जमीन पर चलाए जा रहे बुलडोजर का संबंध ऐसा है कि पिछले कुछ महीनों से इससे जुड़ी खबरों का तांता लगा हुआ है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के आरोप प्रत्यारोपों के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री ने दिल्ली के झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों से जुड़ी एक और बात कही। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को उन 50 हजार फ्लैट में स्थानांतरित करने की योजना तैयार की है जिन्हें पिछले साल बनाया गया था लेकिन ये कभी किसी को आवंटित नहीं किए गए।
फ्लैट्स में शिफ्ट कराए जाएंगे झुग्गीवासी
मुख्यमंत्री ने साल 2011 के आसपास उत्तर-पश्चिम दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बनाए गए सरकारी फ्लैट का निरीक्षण किया और इस दौरान मीडिया से बातचीत भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि , "हमने हजारों पुराने फ्लैट की उचित मरम्मत और वहां सभी सुविधाएं मुहैया कराने के बाद इन फ्लैट के दो किलोमीटर के दायरे में रहने वाले झुग्गीवासियों को यहां बसाने की योजना बनाई है।"
पिछली सरकारों को घेरा
इस बीच मुख्यमंत्री गुप्ता ने दिल्ली की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि वे पिछले सालों में बनाए गए 50 हजार फ्लैट्स का आवंटन करने में विफल रहे, जिसके कारण उनकी हालत जर्जर हो गई है। आगे उन्होंने कहा कि, "न तो कांग्रेस और न ही आम आदमी पार्टी (आप) ने ये फ्लैट गरीबों को दिए लेकिन अब हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मरम्मत के बाद ये फ्लैट झुग्गीवासियों को आवंटित किए जाएं। अगर पुराने फ्लैट की मरम्मत नहीं हो पाती है तो हम जरूरत पड़ने पर इन फ्लैट को तोड़कर उन्हें नए घर उपलब्ध कराए जाएंगे।"
झुग्गी तोड़ने से पहले मिलेंगे घर
इसके पहले मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा था कि दिल्ली में कोई भी झुग्गी बस्ती नहीं तोड़ी जाएगी और उनकी सरकार झुग्गीवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए नीति बदलने या अदालत का दरवाजा खटखटाने में संकोच नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा भी विभिन्न सरकारी विभागों को यह भी निर्देश दिया है कि वे झुग्गियों को तब तक न गिराएं जब तक कि लोगों को पहले वैकल्पिक आवास उपलब्ध न करा दिया जाए।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
