MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद प्रशासनिक गलियारे में एक बड़ा फेरबदल देखा गया है। शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परामर्श से राज्य सरकार ने शीर्ष नौकरशाही में व्यापक स्तर पर अधिकारियों के प्रभार बदले हैं और कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
नीरज मंडलोई को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव (ACS) नीरज मंडलोई को वर्ष 2027 में होने वाले 'ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' (GIS) के आयोजन की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा, मंडलोई अब औद्योगिक नीति एवं MSME विभाग की भी अगुवाई करेंगे। वे राघवेंद्र सिंह की जगह लेंगे, जिन्हें वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में बड़ा बदलाव
प्रमुख सचिव संदीप यादव को जल संसाधन विभाग में भेजकर केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध परियोजना की जिम्मेदारी दी गई है। ई. रमेश कुमार को राजस्व विभाग के साथ-साथ नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) की कमान सौंपी गई है। वहीं सबसे वरिष्ठ IAS अधिकारियों में से एक डॉ. राजेश राजोरा को आरसीपीवी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी का महानिदेशक (DG) नियुक्त किया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जो पहले नए CS अशोक बर्णवाल के पास था। केसी गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त के साथ उद्यानिकी, मनीष सिंह (सीनियर) को ऊर्जा विभाग तथा सचिन सिन्हा को पीएचई (PHE) विभाग का एसीएस बनाया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय और जिलों में नए कलेक्टर
इन्दौर संभाग के आयुक्त सुदाम खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि भास्कर लक्षकार इंदौर के नए संभागीय आयुक्त होंगे। इसके अलावा कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाया गया है। युनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और 8 साल बाद पदोन्नति नियमों को लागू कराने में अहम भूमिका निभाने वाले अजय कटेसरिया को रतलाम का नया कलेक्टर बनाया गया है। इसके साथ ही अनूपपुर में रत्नाकर झा, शहडोल में मीशा सिंह, मंदसौर में दिव्यांक सिंह, खरगोन में गुरु प्रसाद और आगर-मालवा में शेर सिंह मीणा को कलेक्टर नियुक्त किया है।
