Delhi News: शनिवार को हनुमान जयंती के अवसर पर शालीमार बाग स्थित एक मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत करने के दौरान ये जानकारी दी कि दिल्ली सरकार राजधानी भर में 100 अटल कैंटीन खोलेगी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर सब्सिडी वाली ये कैंटीन बेहद किफायती होगी। इनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आसानी से पौष्टिक भोजन मुहैया कराना होगा।
खुलेंगी 100 अटल कैंटीन
CM ने कहा कि हम 100 अटल कैंटीन खोलेंगे ताकि दिल्ली में कोई भी भूखा न रहे। हम कंस्ट्रक्शन साइट और झुग्गियों के पास ये कैंटीन खोलने की योजना बना रहे हैं, जहां खाना उपलब्ध कराने के लिए ऑटोमेटिक मशीनें लगाई जाएंगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 25 दिसंबर (अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन) से पहले ये कैंटीन शुरू हो जाएंगी।
शालीमार बाग में मुख्यमंत्री ने एक निजी सामाजिक संगठन में रोटी बनाने की ऑटोमेटिक मशीन का उद्घाटन भी किया। ये मशीन घंटे में करीब 1200 रोटियां पका सकती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मशीन से बनी रोटियों का इस्तेमाल खानों के पैकेट तैयार करने में किया जाएगा। जो जरूरतमंदों में बांटे जाएंगे।
चुनाव के पहले बीजेपी ने किया था वादा
चुनाव से पहले बीजेपी की तरफ से किए गए वादों में एक वादा सब्सिडी वाले कैंटीन का भी था। 2025-26 के बजट में, वित्त विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैंटीन के लिए ₹100 करोड़ आवंटित किए हैं। जानकारी के लिए बता दें कि हरियाणा की बीजेपी शासित सरकार पहले से ही अटल कैंटीन चला रही है।
पांच रुपये में मिलेगा खाना
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अटल कैंटीन में मिलने वाले खाने पर भारी सब्सिडी दी जाएगी। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि शुरूआती योजना के हिसाब से एक प्लेट खाने की कीमत पांच रूपये के आस पास होगी। हालांकि, अभी इस योजना पर अथॉरिटी की तरफ से अंतिम फैसला आना बाकी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
