दिल्ली

भीषण गर्मी के बीच नींद से जागी दिल्ली सरकार! बेघरों के लिए चलाएगी बचाव अभियान; दिया यह अहम निर्देश

Heatwave: दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को बेघरों को फुटपाथ और पार्कों से हटाकर उन्हें आश्रय गृहों में भेजने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया कि सभी आश्रय प्रबंधन एजेंसियों को निर्देश दिया जाता कि वो बचाव दल का गठन करें और अपने अधिकार क्षेत्र में आज से ही बचाव अभियान शुरू करें।

Image

हीट स्ट्रोक

Photo : PTI

Heatwave: राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और इसी बीच दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को बेघरों को फुटपाथ और पार्कों से हटाकर उन्हें आश्रय गृहों में भेजने का निर्देश दिया है। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) को इस संबंध में आदेश जारी किया है।

सरकार ने क्या आदेश दिया?

आदेश में कहा गया है कि दिल्ली में गर्मी चरम पर है और संबंधित विभागों (राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम , राज्य स्वास्थ्य विभाग आदि) द्वारा विभिन्न परामर्श जारी किए गए हैं। इस परामर्श को देखते हुए दिल्ली में बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया जाता है।

आदेश के अनुसार, भीषण गर्मी की स्थिति से निपटने के लिए बचाव अभियान चलाया जाएगा और फुटपाथ, खुले स्थान, पार्क इत्यादि में सो रहे बेघर लोगों को दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के आश्रय गृहों में उचित स्थान दिया जाएगा।

'बचाव दल का करें गठन'

आदेश में कहा गया कि सभी आश्रय प्रबंधन एजेंसियों को निर्देश दिया जाता कि वो बचाव दल का गठन करें और अपने अधिकार क्षेत्र में आज से ही बचाव अभियान शुरू करें। इस भीषण गर्मी के बीच यह बचाव अभियान हर रोज दोपहर 12 बजे से रात के 12 बजे तक चलाया जाएगा। इसके बाद पिछले दिन के बचाव अभियान की रिपोर्ट अगले दिन पूर्वाह्न 11 बजे जरूर प्रस्तुत की जाए।

saurav bharadwaj

दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज

'आघात सेवा एम्बुलेंस का हो इस्तेमाल'

आदेश में कहा गया कि भीषण गर्मी के कारण परेशानी में फंसे लोगों को उचित चिकित्सा सहायता प्रदान करने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। गर्मी की वजह से बीमार हो रहे लोगों को अस्पताल भेजने के लिए केंद्रीयकृत दुर्घटना और आघात सेवा एम्बुलेंस का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

रोजाना भेजनी होगी रिपोर्ट

सरकार द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया कि इस बचाव अभियान की रिपोर्ट प्रतिदिन भेजी जानी चाहिए और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article