76000 Crore Pass Delhi Budget 2024 : दिल्ली सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए विधानसभा में अपना 10वां बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री आतिशी ने बजट पढ़ते हुए आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों को गिनाया। इस बार आतिशी के पिटारे से राज्य के लिए 76,000 करोड़ का बजट निकला है। वहीं, चुनावी साल होने की वजह से 'आप' के इस बजट में 'राम राज्य' की थीम झलक रही है। वित्त मंत्री ने कहा हमने दिल्ली में राम राज्य के सपने को साकार करने का संकल्प लिया है। राम राज्य के सपने को साकार करने के लिए पिछले 9 साल से दिन रात लगे हुए हैं। राम राज्य के लिए हमको अभी लंबी दूरी तय करनी है।
यूपी की तर्ज पर दिल्ली का बजट
आतिशी ने कहा राम राज्य में किसी की अल्प आयु में मृत्यु नहीं होती, सब लोग स्वस्थ रहते हैं। दुर्भाग्य है कि देश में हम लोग इस परिकल्पना से अभी बहुत दूर हैं। सरकारी अस्पतालों का हाल यह हुआ करता कि आप वहां पर जाएंगे और ठीक होने की बजाय उल्टा बीमारी लेकर आ जाएंगे। सरकारी हेल्थ केयर सिस्टम दिल्ली में खुद ही बीमार था। लोगों को प्राइवेट में इलाज करने में घर मकान और जेवर गिरवी रखने की नौबत आ जाती थी।
महिलाओं को मिलेंगे 1 हजार
वित्त मंत्री आतिशी ने कहा कि पिछले 10 साल में दिल्ली के आम लोगों की जिंदगी में आमूल चूल परिवर्तन आया है। पिछले 10 साल का सफर लोगों के लिए बदलाव का सफल रहा है। अरविंद केजरीवाल सरकार ने बजट में बड़ी घोषणा करते हुए दिल्ली में हर महिला को 1000 रुपये देने का ऐलान किया है। इस स्कीम में 18 साल से ऊपर की हर महिला शामिल है। मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के तहत 1000 रुपये की राशि दी जाएगी।
बिजली फ्री
आतिशी ने सदन में कहा, वनवास के बाद जब प्रभु श्री राम अयोध्या आए तो पूरी अयोध्या को रोशन किया गया था। आज दिल्लीवालों को अपना घर रोशन करने के लिए दिवाली का इंतजार नहीं करना पड़ता, इसलिए हर ने हर दिन फ्री और 24 घंटे बिजली दे रही है है। पहले यहां आठ आठ घंटे का पावर कट होता था, लेकिन आज 24 घंटे बिजली लोगों को मुहैया हो रही है। इतना ही नहीं 22 लाख लोगों को फ्री बिजली मिलती है। जब पावर कट होते थे तब पिक डिमांड पांच हज़ार MW थी। आज हम 7838 MW की पिक डिमांड भी पूरा कर रहे हैं। आज देश के तीन टॉप डिस्कॉम दिल्ली के हैं और तीनों फ़ायदे में हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
