Delhi: दिल्ली से देहरादून के बीच फास्ट कनेक्टिविटी देने के लिए बन रहे दून एक्सप्रेस-वे के खुलने की डेट आ गई है। इस एक्सप्रेसवे को वाहनों के आवगमन के लिए 1 जनवरी 2024 को खोल दिया जाएगा। जिसके बाद इन दोनों प्रमुख शहरों के बीच लगने वाला ट्रेवल टाइम 6 घंटे से घटकर 2.5 घंटे रह जाएगा। इस एक्सप्रेसवे को खोलने के डेट का ऐलान केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ऋषिकेश में एक जनसभा को संबोधित करते हुए की। गडकरी ने बताया कि हम दिल्ली को देहरादूर, हरिद्वार और ऋषिकेश से सीधे तौर पर जोड़ रहे हैं। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद इन जगहों पर पहुंचने में सड़क मार्ग से भी उतना ही समय लगेगा, जितना समय अभी हवाई मार्ग से लगता है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का करीब 40 फीसदी कार्य पूरा हो गया है और इसे दिसंबर 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान गडकरी ने यह भी बताया कि, वे अभी इस एक्सप्रेसवे के प्रगति से संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है। इसके बन जाने के बाद वाहन चालकों को दिल्ली से देहरादून के बीच सफर करने में मात्र 2.5 घंटे का समय लगेगा। गडकरी ने यह भी बताया कि, यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के लिए फास्ट कनेक्टिविटी देने के साथ इतिहास, संस्कृति और विरासत की बड़ी ताकत भी बनेगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे से फायदे
बता दें कि यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर देहरादून होते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश को भी जोड़ेगा। इस एक्सप्रेसवे से यूपी के बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे जिले भी जुड़ेंगे। इस 210 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का दिल्ली से गाजियाबाद सेक्शन 12 लेन का होगा, बाकी का एक्सप्रेसवे 6 लेन का बन रहा है। इस एक्सप्रेसवे पर 4 अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा देहरादून में इस पर एक वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी बन रहा है। इस एक्सप्रेस वे पर अधिकतम गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। दिल्ली के जो वाहन चालक यूपी या सीधे देहरादून जाना चाहते हैं वे अक्षरधाम के पास से इस एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकेंगे। इस एक्सप्रेसवे का पहला सेक्शन अक्षरधाम और कुंडली-पलवल एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा। वहीं इसका दूसरा भाग ईस्टर्न पेरिफेरल को सहरानपुर से कनेक्ट करेगा।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
