दिल्ली

सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी को दिल्ली कोर्ट ने एफआईआर की कॉपी देने का दिया आदेश

दिल्ली कोर्ट ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी को एफआईआर की कॉपी देने का आदेश दिया। अदालत ने साथ ही निर्देश दिया कि आरोपी इस कॉपी को सार्वजनिक नहीं करेगा।

Image

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता (फाइल फोटो:PTI)

दिल्ली की तीसहजारी अदालत ने बुधवार को बड़ा आदेश देते हुए पुलिस को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी को एफआईआर की कॉपी उपलब्ध कराई जाए। अदालत ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार किसी भी आरोपी को एफआईआर की प्रति मिलना उसका अधिकार है।

तीस हजारी कोर्ट के न्यायिक मजिस्ट्रेट गौरव गोयल ने फैसला देते हुए कहा कि आरोपी को एफआईआर की कॉपी 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए और इसकी रसीद ली जाए। हालांकि कोर्ट ने साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी इस दस्तावेज को किसी तीसरे पक्ष के साथ साझा नहीं करेगा और न ही सार्वजनिक मंच पर डालेगा। बिना अदालत की अनुमति इसके प्रसार पर रोक लगाई गई है।

क्या दिल्ली सीएम पर हमले का मामला?

यह मामला 20 अगस्त 2025 का है जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने सिविल लाइंस स्थित आवास पर जनसुनवाई कर रही थीं। उसी दौरान राजेश भाई खीमजी भाई साकरिया नाम का एक व्यक्ति, जो गुजरात के राजकोट का रहने वाला और ऑटो रिक्शा चालक है, शिकायतकर्ता बनकर वहां पहुंचा था। अचानक उसने मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया और बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया।

आरोपी की याचिका और पुलिस की दलील

आरोपी साकरिया ने अदालत में याचिका दाखिल कर कहा कि उसे एफआईआर की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर पुलिस ने विरोध जताया और कहा कि यह एफआईआर संवेदनशील घोषित की गई है, इसलिए आवेदन समय से पहले और स्वीकार नहीं किया गया।

हालांकि विशेष लोक अभियोजक ने कहा कि अगर आरोपी यह लिखित आश्वासन दे कि वह एफआईआर की कॉपी किसी और के साथ साझा नहीं करेगा, तो पुलिस इसे उपलब्ध कराने को तैयार है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article