कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के अधिकांश हिस्सों पर मानसून का असर बरकरार है। हालांकि, कुछ राज्यों में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी रिकॉर्ड की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन में हल्की रूखी हवाएं बह रही हैं। हालांकि, 11 सितंबर से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार के कुछ भागों पर बारिश लौटेगी। फिलहाल नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उधर पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ समेत पूर्वी राज्यों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। उधर, पहाड़ों पर भी मानसूनी बारिश का क्रम जारी रहेगी, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई से लेकर मैदानी भागों तक वर्षा होगी, जिससे लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा। उधर, दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ महाराष्ट्र और गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
यूपी में बारिश होगी क्या
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही है, लेकिन बारिश का ग्राफ गिरा है। लेकिन, कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी होने से तराई के हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बुंदेलखंड के हिस्सों के साथ चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुलतानपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, चंदौली, देवरिया, मऊ, गाजीपुर, सोनभद्र, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती, संत रविदास नगर, संत कबीरनगर, अंबेडकर नगर समते कई अन्य जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की सक्रियता और मौसम में बदलाव दिख रहा है। पिछले 48 घंटे के दौरान बादल नहीं बरसे, जिससे तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 72 घंटे बादल छाए रह सकते हैं। खासतौर पर 11 सितंबर से 14 सितंबर के बीच मौसम में बदलाव के बीच बारिश की संभावना है। इस दौरान तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल, प्रदूषण के स्तर में कमी आई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में मानसून के कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। खासकर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के अधिकतर भागों में आगले चार दिन व जोधपुर, बीकानेर संभाग के ज्यादातर भागों में अगले पांच दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां दर्ज होने की पूरी संभावना है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी उड़ीसा तट के आसपास 11 सितंबर को एक और नया लो प्रेशर एरिया का क्षेत्र बन सकता है। इसके असर से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 12 सितंबर से हल्की से मध्यम बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
