शहर

Haldwani News: शुद्धिकरण विवाद में CM धामी का कांग्रेस पर पलटवार, बोले - बिना प्रमाण लगा रहे आरोप

Haldwani News: हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर जबरदस्त निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसी के अपमान का कोई प्रमाण कांग्रेस के पास नहीं है।

Image

हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण मामले में सीएम धामी का कांग्रेस पर पलटवार

Haldwani News: हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यानी बुधवार, 9 सितंबर को कांग्रेस पर पलटवार किया। CM Pushkar Singh Dhami ने कहा कि कांग्रेस या राहुल गांधी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के समर्थन में उनके पास कोई ठोस तथ्य या प्रमाण नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के अपमान से संबंधित न तो कोई वीडियो, पेपर कटिंग या बैनर सामने आया है और न ही ऐसा कोई प्रमाण है, जिससे यह साबित हो कि यज्ञ किसी व्यक्ति के अपमान के लिए किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में कथित तौर पर आपत्तिजनक नारे लगाए जाने और माहौल खराब होने के बाद एक धार्मिक संगठन की ओर से शुद्धिकरण यज्ञ किया गया था। उनका दावा है कि यह किसी व्यक्ति को लेकर नहीं था।

‘शुद्धिकरण किसी व्यक्ति का नहीं था’

सीएम धामी ने कहा कि शुद्धिकरण के आयोजन को अब राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि यदि आयोजन में पांच से अधिक लोग उसी वर्ग और जाति से जुड़े हुए थे, तो क्या वे अपनी ही जाति या वर्ग का विरोध करेंगे?

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि संवेदनशील मामले को लेकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और देश की जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है।

'तथ्यों के आधार पर बात रखे कांग्रेस'

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास ऐसा कोई प्रमाण नहीं है, जिससे यह साबित हो कि हल्द्वानी में किसी व्यक्ति का अपमान करने के उद्देश्य से शुद्धिकरण यज्ञ कराया गया था। उन्होंने कांग्रेस से राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील मुद्दों को तूल देने के बजाय तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर अपनी बात रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को राजनीतिक रंग देने से समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति पैदा हो सकती है। मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हल्द्वानी से जुड़े इस मुद्दे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article