Bhajanpura: दिल्ली के भजनपुरा में रविवार सुबह-सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान भारी सुरक्षा के बीच चौक के बीच में बनी मजार और मंदिर को हटा दिया गया। इसके लिए भारी संख्याा में पुलिसबल तैनात किया गया था। मजार के कारण अक्सर जाम लगता रहता था। इसे हटाने के लिए लंबे समय से बातचीत चल रही थी। जानकारी के मुताबिक, भजनपुरा चौक पर यह मजार करीब तीन दशक से भी ज्यादा पुरानी थी।
डीसीपी नॉर्थईस्ट जॉय एन टिर्की ने बताया, भजनपुरा चौक पर अतिक्रमण अभियान शांतिपूर्वक चल रहा है। दिल्ली की धार्मिक समिति द्वारा सहारनपुर राजमार्ग के लिए सड़क को और चौड़ा करने के लिए एक हनुमान मंदिर और एक मजार को हटाने का निर्णय लिया गया था। दोनों ढांचों को शांतिपूर्वक हटा दिया गया है।
ड्रोन से की गई निगरानी
भजनपुरा स्थित मजार और मंदिर को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस बल के अलावा केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया था। इसके अलावा किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विशेष तैनाती की गई थी। ड्रोन से लगातार पूरे इलाके की निगरानी की जा रही थी। अतिक्रमण अभियान के दौरान पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की भी अपील करती नजर आई। बता दें, इस मजार को हटाने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
