Delhi Car Accident: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में शिवा कैंप के पास फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को सफेद ऑडी कार ने कुचल दिया। जिससे वे घायल हो गए। घायलों में दो दंपति और आठ साल की एक बच्ची शामिल है। घटना के समय आरोपी चालक नशे में था। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेडिकल रिपोर्ट में नशे की पुष्टि
पुलिस के अनुसार यह घटना नौ जुलाई की देर रात करीब 1:45 बजे हुई। पुलिस को पीसीआर कॉल पर खबर मिली। पुलिस ने आरोपी कार चालक उत्सव शेखर (40) को पकड़ लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि उसकी मेडिकल रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि घटना के समय वह नशे में था। अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही घायलों को उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पतालों में ले जाया जा चुका था।
सभी पीड़ित राजस्थान के निवासी
पीड़ितों की पहचान लाधी (40), उसकी आठ वर्षीय बेटी बिमला, उसके पति सबामी उर्फ चिरमा (45), राम चंद्र (45) और उसकी पत्नी नारायणी (35) के रूप में हुई है। ये सभी लोग राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
