MCD News: दिल्ली की सड़कों की सफाई अब जनता की नजरों से छिपी नहीं रहेगी। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी में चल रही मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (MRSM) की रीयल-टाइम ट्रैकिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च कर दिया है। इस पोर्टल की मदद से कोई भी दिल्लीवासी यह देख सकता है कि कौन-सी मशीन कब और कहां सड़क पर काम कर रही है।
कब और कैसे होती है सफाई?
वर्तमान में एमसीडी के पास 52 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें हैं। ये मशीनें हर रोज रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक (रविवार और सरकारी छुट्टियों को छोड़कर) तैनात रहती हैं। इनके जरिए प्रतिदिन करीब 1600 किलोमीटर लंबी और चौड़ी सड़कों की सफाई की जाती है। खास बात यह है कि ये मशीनें सड़क की धूल मिट्टी हटाने के साथ-साथ धूल प्रदूषण कम करने में भी मददगार हैं।
जनता की निगरानी, एमसीडी की जवाबदेही
अब तक अक्सर लोगों को शिकायत रहती थी कि सफाई सही से नहीं हो रही। लेकिन इस पोर्टल के ज़रिए जनता अब खुद यह देख पाएगी कि मशीनें उनके इलाके तक पहुंचीं या नहीं। इससे जहां एमसीडी की कार्यप्रणाली पर नज़र रखी जा सकेगी, वहीं जनता को भी सफाई व्यवस्था में सीधी भागीदारी मिलेगी।
तकनीक से पारदर्शिता
महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह और आयुक्त अश्वनी कुमार का कहना है कि यह पहल राजधानी को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ निगम और नागरिकों के बीच भरोसा मजबूत करने का काम करेगी। उनका मानना है कि आईटी टूल्स के इस्तेमाल से न सिर्फ पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि दिल्ली की सफाई व्यवस्था भी और अधिक संगठित और जवाबदेह बनेगी। एमसीडी का दावा है कि वह आने वाले समय में भी इस तरह की तकनीकी पहल जारी रखेगा ताकि दिल्ली को और साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाया जा सके।
लाइव ट्रैकिंग पोर्टल
मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (MRSM) की रीयल-टाइम ट्रैकिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आप आसानी से जा सकते हैं। अपने इलाके की लाइव ट्रैकिंग के लिए यहां क्लिक करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
