राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में लगातार बढ़ती जनसंख्या के चलते दिल्ली दिल्ली के आसपास नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में लोगों को बसाया गया। लेकिन एनसीआर के इन इलाकों में भी अब भीड़ काफी बढ़ गई है। ऐसे में सरकार का दिल्ली से कुछ दूरी पर बसे शहरों के साथ कनेक्टिविटी सुधारने पर जोर है, ताकि दिल्ली में बढ़ती भीड़ को रोका जा सके। इसके लिए दिल्ली से मेरठ तक 96 किमी लंबा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे बनाया गया है। लगभग एक घंटा 10 मिनट से डेढ़ घंटे में यह दूरी आसानी से तय हो जाती है। यही नहीं दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत ट्रेन भी चलाई जा रही है, जो करीब 40 मिनट में दिल्ली से मेरठ पहुंचा देती है। नमो भारत ट्रेन मेरठ से दिल्ली में न्यू अशोक नगर के बीच चल रही है। अब सराय काले खां तक भी इसका ट्रायल शुरू हो गया है।
सराय काले खां तक नमो भारत का ट्रायल
नमो भारत मेट्रो चलाने वाली NCRTC ने न्यू अशोक नगर और सराय काले खां स्टेशनों के बीच ट्रायल रन शुरू कर दिया है। मेरठ साउथ से न्यू अशोक नगर पर पहले ही नमो भारत की सेवाएं चालू हैं। शनिवार 12 अप्रैल की रात को नमो बारत ट्रेन को धीमी रफ्तार में NCRTC की टीम ने डाउन लाइन पर न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक चलाया। सराय काले खां स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन का वीडियो यहां देखें -
इस दौरान सिग्नलिंग सिस्टम की अनुकूलता की जांच के लिए नमो भारत ट्रेन को मैन्युअल तरीके से चलाया गया। ट्रायल रन अभी जारी रहेगा और जैसे-जैसे यह आगे बढ़ेगा NCTRC ट्रैक, प्लेटफॉर्म, स्क्रीन डोर (PSD) और ओवरहेड पावर सप्लाई सिस्टम जैसे विभिन्न सबसिस्टम के साथ ट्रेन के इंटीग्रेशन और इसके समन्वय का आकलन करने के लिए विभिन्न मूल्यांकन करेगा। यही नहीं, आने वाले दिनों में ट्रेन के हाई स्पीड ट्रायल भी होंगे।

सराय काले खां स्टेशन पर एस्केलेटर लगे
न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक नमो बारत सेक्शन की लंबाई लगभग साढ़डे 4 किमी है। इस सेक्शन पर ट्रेनें संचालित होने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। विशेषतौर पर सराय काले खां में अंतरराज्यीय बस ड्डा और पास में ही निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन होने से कनेक्ट्विटी बेहतर होगी।

सराय काले खां स्टेशन पर स्क्रीन डोर लगे
सराय काले खां स्टेशन तेजी से आकार ले रहा है। आने वाले दिनों में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के लिए पहला शुरुआती स्टेशन होगा। इस स्टेशन की छत का निर्माण तेजी से चल रहा है। स्टेशन के कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म स्तर तक जाने के लिए 12 एस्केलेटर और 4 लिफ्ट की व्यवस्था गई है, जो संचालन के लिए तैयार हैं। इसके अलावा पांच एंट्री-एग्जिट स्ट्रक्चर्स का फिनिशिंग कार्य चल रहा है। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म्स और स्क्रीन डोर भी लगा दिए गए हैं।

यमुना नदी पर बना नमो भारत ट्रेन का पुल
नमो भारत बनाम दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जहां दोनों शहरों के बीच के सफर में डेढ़ घंटे तक का समय लगता है। वहीं नमो भारत ट्रेन में बैठकर आप दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सिर्फ 40 मिनट में पहुंच जाते हैं। न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक नमो भारत ट्रेन का साधारण किराया सिर्फ 150 रुपये है, जबकि प्रीमियम क्लास के लिए आपको 225 रुपये चुकाने होते हैं। बात करें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की तो सराय काले खां से मेरठ तक के सफर का आपको कार के लिए 175 रुपये टोल चुकाना होता है। इसके अलावा अगर आपकी कार 15 किमी की एवरेज भी देती है तो 600 रुपये से अधिक का पेट्रोल खर्च होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
