Aditi Tigress Cubs: दिल्ली चिड़ियाघर में सात वर्षीय बाघिन अदिति के छह शावकों में से चार की मौत से वन्यजीव प्रेमियों में चिंता की लहर फैल गई है। अदिति ने 4 अगस्त को छह शावकों को जन्म दिया था, और जन्म के शुरुआती दिनों में सभी स्वस्थ नजर आ रहे थे। लेकिन जन्म के चार दिन बाद सबसे छोटे शावक की मौत हो गई। 9 अगस्त को एक अन्य शावक कमजोर हो गया और अगले दिन उसकी भी मृत्यु हो गई। 22 अगस्त को दो और शावकों की मौत हो गई, जिससे अदिति के पास अब केवल दो शावक बचे हैं।
चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, 20 अगस्त की रात तीन शावकों ने दूध पीना बंद कर दिया था, जिसके बाद उन्हें मां से अलग कर अस्पताल में हाथ से दूध पिलाने का निर्णय लिया गया। दिल्ली चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि शावकों को बचाने के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) और अन्य विशेषज्ञ संस्थानों से लगातार सलाह ली जा रही है।
वर्तमान में दिल्ली चिड़ियाघर में बाघों की कुल संख्या 15 है, जिसमें अदिति के बचे दो शावक भी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि शावकों को जीवित रखना अब एक बड़ी चुनौती बन गया है। अदिति को 2021 में नागपुर से लाया गया था और यह उसका पहला सफल प्रसव था। नर बाघ विजय जूनियर पहले ही कई शावकों का पिता बन चुका है, जिनमें 2023 में जन्मी सफेद बाघिनें ‘अवनि’ और ‘व्योम’ भी शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
