आम आदमी पार्टी AAP के जम्मू कश्मीर में विधायक मेहराज मालिक की गिरफ्तारी पर पार्टी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि मेहराज अपने क्षेत्र की जनता के लिए अस्पताल की मांग कर रहे थे और उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह सहित तमाम नेताओं ने विधायक मेहराज मालिक की अपने क्षेत्र की जनता के लिए अस्पताल की मांग को जायज बताया। AAP का कहना है कि अमित शाह की पुलिस ने जनता के हक की इस आवाज को दबाने के लिए उन्हें गिरफ्तार किया है। पार्टी ने इसे तानाशाही और जनता की आवाज दबाने वाली कार्रवाई बताया।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि क्या क्षेत्र की जनता के लिए अस्पताल मांगना इतना बड़ा गुनाह है कि एक चुने हुए विधायक को जेल में डाल दिया जाए? मेहराज मलिक आम आदमी पार्टी के शेर हैं। वो हमेशा जनता की आवाज बनकर हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। जेल, धमकियां और साजिशें, ये सब AAP के किसी भी सिपाही को कभी नहीं डरा सकतीं।
वरिष्ठ AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि तानाशाहों की पुलिस ने जम्मू-कश्मीर में AAP विधायक मेहराज मालिक को अस्पताल की मांग उठाने पर गिरफ्तार कर लिया। सत्ता की भूख में डूबी मोदी-शाह सरकार की यह खुली तानाशाही है, जहां जनता के हक की आवाज उठाने वालों को खतरा समझा जा रहा है। लेकिन इतिहास गवाह है, जब-जब तानाशाही बढ़ती है, तब-तब इंकलाब और बुलंद होता है।'
उधर, वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी विधायक मेहराज मालिक की गिरफ्तारी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि AAP विधायक मेहराज मालिक अपने क्षेत्र में अस्पताल के लिए अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं, उनको जम्मू कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये शासन की तानाशाही है। मेहराज मालिक संघर्षशील नेता हैं। ऐसी कायराना कार्यवाही से नहीं डरते।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
