Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों का दौरा खत्म हो गया है। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से प्री-मॉनसून की बारिश हो रही है। लेकिन इससे नमी का स्तर बढ़ गया है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। दिल्ली में जून के महीने में अब तक 6.4 मिमी बारिश दर्ज हुई है। इस वीकेंड दिल्लीवालों पर बारिश मेहरबान होने वाली है। साथ ही मॉनसून भी प्रवेश करने वाला है। दिल्ली में अगले तीन दिन तक बारिश होने वाली है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
आज तेज हवाओं संग होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 25-35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। राजधानी में 29 जून को मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
दिल्ली में इस वीकेंड आएगा मॉनसून
दिल्ली में इस वीकेंड मौसम सुहावना रह सकता है। राजधानी में 29 और 30 जून को मॉनसून दस्तक देने वाला है। मॉनसून ने अपने रफ्तार तेज कर ली है और मंगलवार को यह गुजरात, एमपी, साउथ-ईस्ट राजस्थान और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया कि मॉनसून के आगे बढ़ने की स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दिल्ली में 29 जून से 1 जुलाई तक मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 30 जून और 1 जुलाई को बारिश के साथ आंधी भी चल सकती है।
उमस भरी गर्मी ने किया परेशान
दिल्ली में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली। साथ ही उमस ने भी लोगों को खूब सताया। मंगलवार को यहां नमी का अधिकतम स्तर 92 फीसदी रहा। बीते दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को दिल्ली में सभी जगह तापमान 40 डिग्री के नीचे ही रहा। सबसे अधिक तापमान जफरपुर में 40 डिग्री सेल्सियस रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
