UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में आखिरकार मॉनसून की एंट्री हो गई है। मंगलवार को ललितपुर के रास्ते यूपी में मॉनसून पहुंचा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मॉनसून पहुंचने वाला है। इसके बाद मॉनसून के प्रभाव से यहां बारिश देखने को मिलेगी। लखनऊ में 29 जून तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है। लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही बारिश होने के भी आसार बने हुए हैं। मॉनसून की आहट और ठंडी पूर्वी हवाओं के चलते प्रदेश के लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है।
बुंदलेखंड से मॉनसून ने दी दस्तक
उत्तर प्रदेश में आमतौर पर पूर्वांचल से मॉनसून का प्रवेश होता है, लेकिन इस बार बुंदेलखंड के रास्ते मॉनसून ने दस्तक दी है। आगामी दो से तीन दिन में इसके कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। आज से पूर्वी यूपी में बारिश की तीव्रता और क्षेत्रफल बढ़ने वाला है। वहीं कल से पश्चिमी यूपी में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। यूपी में एक जुलाई तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भारी बारिश होगी तो कहीं पर छिटपुट बौछारें गिरेंगी।
आज इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रदेश के गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती में भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश की राजधानी लखनऊ का आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रह सकता है। बुधवार को यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं भी चल सकती है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी के आसार
यूपी के कई जिलों में आज बादलों के गरजने, बिजली के चमकने के साथ आंधी चलने की संभावना है। इनमें झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, औरैया, पीलीभीत, शाहजहांपुर शामिल हैं। इसके अलावा इटावा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने के आसार हैं।
