Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में लू का दौर खत्म हो गया है और जल्द ही मॉनसून दस्तक देने वाला है। राजधानी में फिलहाल नमी बढ़ गई है और नमी भरी हवाएं भी पहुंच रही हैं। इस दौरान दिल्ली में कहीं कहीं बूंदाबांदी भी देखने को मिल रही है। जिसकी वजह से उमस भरी गर्मी लोगों को सता रही है। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन हीट इंडेक्स 53 डिग्री बना रहा। मॉनसून भी अब तेजी से आगे बढ़ने वाला है। दिल्ली में 27 जून तक मॉनसून एंट्री मार सकता है। मॉनसून के पहुंचने में एक दिन आगे पीछे भी हो सकता है। दिल्ली में 29 जून के बाद बारिश बढ़ जाएगी। साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। इससे अधिकतम तापमान भी कम होकर 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
दिल्ली में आज आंधी-बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही आंधी और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 25 से 35 किमी प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री तक रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 26 से 28 जून के बीच बादल छाए रहने वाले हैं। साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है। जिससे तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी और नमी का स्तर भी अधिक रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री तक रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री तक रहने के आसार हैं।
सोमवार को हुई हल्की बारिश
दिल्ली में सोमवार को दोपहर तक मौसम उमस भरा रहा। लेकिन शाम में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। जिसने उमस से राहत दिलाई। सोमवार को लुटियंस दिल्ली, पीतमपुरा, पालम समेत शहर के कुछ इलाकों में प्री मानसून की बारिश हुई। बीते दिन पालम में 0.2 एमएम और पीतमपुरा में 0.5 एमएम बारिश हुई। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री पहुंच गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 31.6 डिग्री दर्ज हुआ। यहां हवा में नमी का स्तर 45 से 73 प्रतिशत बना हुआ है।
कई इलाकों में जलभराव
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को हल्की बारिश के बाद शहर के 12 इलाकों से जलभराव की शिकायतें मिलीं। इनमें अमर कॉलोनी, वेस्ट पटेल नगर, ईस्ट लक्ष्मी मार्केट, शास्त्री नगर, बुराड़ी और मोहन पार्क शामिल हैं। नगर निगम को 11 इलाकों में पेड़ उखड़ने की भी शिकायतें मिलीं। जिनमें ग्रीन पार्क, जंगपुरा, सैनिक फार्म, डिफेंस कॉलोनी, कालकाजी और मॉडल टाउन समेत अन्य इलाके शामिल हैं।
तेजी से आगे बढ़ेगा मॉनसून
स्काईमेट के अनुसार धीमी गति से चल रहा मॉनसून अब तेज रफ्तार पकड़ने वाला है। अगले दस दिनों तक यह तेजी से आगे बढ़ेगा। इसी दौरान यह दिल्ली में पहुंचेगा। दिल्ली में मॉनसून की दस्तक 27 जून तक हो सकती है। दिल्ली में 28 जून की रात और 29 जून की सुबह से मॉनसून की रफ्तार बढ़ जाएगी। राजधानी में मॉनसून की एंट्री से पहले ही लू खत्म हो चुकी है। साथ ही प्री मॉनसून बारिश के लिए भी स्थितियां अनुकूल बनी हैं। आज से 27 जून तक दिल्ली में रोजाना बारिश या आंधी के साथ स्पैल देखने को मिलेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
