Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से निजात नहीं मिल रही है। राजधानी में इस हफ्ते की शुरुआत बारिश के साथ हुई। जिसके बाद मंगलवार सुबह भी कई इलाकों में बारिश हुई। लेकिन दोपहर में निकली धूप ने उमस और तापमान को और बढ़ा दिया। जिससे लोगों को चिपचिपाहट भरी गर्मी ने परेशान किया। हालांकि आज उमस से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में दो दिन जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
आज बारिश का अलर्ट जारी
दिल्ली-एनसीआर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में सामान्य से तेज हवा भी चल सकती है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इस हफ्ते दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के कई भागों में 22 जुलाई तक बारिश और बूंदाबांदी वाला मौसम बना रहेगा। IMD ने 18 जुलाई को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 19 और 20 जुलाई को यहां हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। जिसके बाद 21 और 22 जुलाई भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली के रिज में हुई 37 mm बारिश
दिल्ली के कई इलाकों में मंगलवार की सुबह बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार रिज इलाके में 37 मिमी, पालम में 31.8 मिमी, लोधी रोड में 2 मिमी और आया नगर में 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
