दिल्ली की हवा में अब सिर्फ धूल, धुआं और प्रदूषण ही नहीं, बल्कि अदृश्य बैक्टीरिया भी मौजूद हैं। ये सूक्ष्म जीव इतने खतरनाक हैं कि इंसानों के फेफड़ों, आंत, मुंह और त्वचा तक को संक्रमित कर सकते हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में इनकी संख्या दोगुनी है, यानी वहां के लोग ज्यादा खतरे में हैं।
प्रदूषण और भीड़ मिलकर बढ़ा रहे खतरा
भारत का सिंधु-गंगा मैदान (आईजीपी) दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में से है और यहां वायु प्रदूषण सबसे ज्यादा पाया जाता है। दिल्ली इस क्षेत्र का सबसे बड़ा और सबसे प्रदूषित शहर है। यहां सर्दियों के दौरान तापमान गिरने और नमी बढ़ने से हवा स्थिर हो जाती है। ऐसे हालात सूक्ष्म जीवाणुओं के लंबे समय तक हवा में टिके रहने के लिए आदर्श स्थिति बनाते हैं।
पीएम 2.5 बना बैक्टीरिया का सहायक
हवा में मौजूद बेहद छोटे धूलकण यानी पीएम 2.5 इन बैक्टीरिया को शरीर तक पहुंचाने का काम करते हैं। ये कण इतने छोटे होते हैं कि सीधे फेफड़ों में पहुँच जाते हैं और बैक्टीरिया को अंदर तक ले जाते हैं। इससे खाँसी, सांस की समस्या, पेट की गड़बड़ी और त्वचा संक्रमण जैसी बीमारियाँ तेजी से फैल सकती हैं।
सर्दियों और धुंध भरे दिनों में सबसे ज्यादा खतरा
बोस संस्थान के वैज्ञानिकों की रिसर्च में यह भी सामने आया है कि सर्दियों से गर्मियों में मौसम बदलने के समय, खासकर धुंध या बारिश के दिनों में संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है। इस दौरान प्रदूषण और मौसम का मिश्रण हवा में मौजूद सूक्ष्म जीवों को ज्यादा समय तक टिकाए रखता है, जिससे बीमारियां फैलने का जोखिम दोगुना हो जाता है।
शोध क्या कहता है?
डॉ. सनत कुमार दास की अगुवाई में किए गए इस अध्ययन में साफ हुआ कि दिल्ली जैसे महानगरों में हवा में मौजूद रोगजनक बैक्टीरिया सीधे श्वसन तंत्र, आंत, मुँह और त्वचा की बीमारियों के लिए जिम्मेदार हैं। यह अध्ययन अंतरराष्ट्रीय पत्रिका एटमॉस्फेरिक एनवायरनमेंट: एक्स में प्रकाशित हुआ है।
सेहत बचाने के 5 आसान उपाय
1. मास्क पहनें- बाहर निकलते समय N95 या अच्छे क्वालिटी का मास्क जरूर पहनें।
2. घर के अंदर साफ हवा बनाए रखें - एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें और खिड़कियाँ- दरवाज़े साफ रखें।
3. साफ-सफाई का ध्यान रखें - बार-बार हाथ धोएं और बाहर से आने के बाद कपड़े बदलें।
4. पौष्टिक आहार लें- इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए हरी सब्जियाँ और ताज़े फल खाएँ।
5. धुंध और ज्यादा प्रदूषण वाले दिनों में बाहर जाने से बचें – खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को।
साफ शब्दों में कहें तो दिल्ली की हवा में मौजूद ये अदृश्य बैक्टीरिया भले दिखाई न दें, लेकिन हमारी सेहत के लिए ये बड़े खतरे बनकर सामने आ रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
