शहर

Aligarh News: युवक को पेड़ से बांधकर की मारपीट, जबरन पिलाया पेशाब, तीन महिलाओं समेत 7 पर FIR

Aligarh News: अलीगढ़ में एक युवक से मारपीट और पेड़ से बांधकर पेशाब पीने के लिए मजबूर करने के आरोप में सात लोगों पर केस दर्ज हुआ है।शुक्रवार को वीडियो सामने आने के बाद युवक ने शिकायत दर्ज कराई।

Image

अलीगढ़ में युवक से मारपीट और अमानवीय व्यवहार का आरोप (सांकेतिक फोटो)

Aligarh Assault Case: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक बेहद अमानवीय और शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट करने, उसका आधा सिर व दाढ़ी मुंडवाने और पेड़ से बांधकर जबरन पेशाब पिलाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं समेत कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

यह घटना अलीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर अकरबाद थाना क्षेत्र में आने वाले एक गांव में बीते गुरुवार को हुई थी। हालांकि, पूरा मामला तब सामने आया जब शुक्रवार को इस कथित मारपीट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित एक अविवाहित युवक है और उसका कथित तौर पर अपनी बहन के ससुराल पक्ष के परिवार की एक विवाहित महिला से संबंध था। जब इस रिश्ते की जानकारी परिवार के लोगों को हुई, तो कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।

पेड़ से बांधकर अमानवीय अत्याचार

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने युवक के सिर के बाल और दाढ़ी का आधा हिस्सा मुंडवा दिया और उसे एक पेड़ से बांध दिया जिसके बाद युवक को कथित तौर पर पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस घटना में पीड़ित की बहन के ससुराल पक्ष के सात लोगों और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के शामिल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने मारपीट और अमानवीय व्यवहार से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही, वीडियो में दिख रहे अन्य अज्ञात लोगों की पहचान करने और मामले की गहनता से जांच की प्रक्रिया जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article