शहर

यूपी में जलभराव पर अखिलेश का BJP पर तीखा हमला, बोले- बारिश नहीं भ्रष्टाचार और फेल ड्रेनेज जिम्मेदार

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के शहरों में जलभराव को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने जलनिकासी व्यवस्था की विफलता को भ्रष्टाचार से जोड़ा, साथ ही नालों की गंदगी व नदियों में गाद जमा होने की बात कही।

Image

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Photo : PTI

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहरों में जलभराव और नदियों की बदहाल स्थिति को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शहरों में जलभराव का मुख्य कारण अत्यधिक बारिश नहीं, बल्कि भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार और जल निकासी व्यवस्था का पूरी तरह से फेल हो जाना है।

नालियों की सफाई और नदियों के प्रदूषण पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि शहरों में नाली से लेकर बड़े-बड़े नाले तक गंदगी और कचरे से पूरी तरह जाम हैं, ऐसे में पानी की निकासी कैसे हो सकती है? उन्होंने आगे कहा कि विभिन्न तरह के प्रदूषण और नालों का गंदा पानी सीधे नदियों में गिरने से उनमें गाद का भारी जमाव हो गया है। उन्होंने कहा कि उफनती नदी के पानी को रोकने के लिए केवल बांध बनाना कोई स्थायी या कारगर उपाय नहीं है।

नदियों की गाद हटाने की बात

सपा प्रमुख ने आगे कहा कि भविष्य में समाजवादी पार्टी नदियों से गाद हटाकर उन्हें गहरा करने का करेंगे। उनके मुताबिक, इससे नदियों का प्रवाह बिना रुकावट प्राकृतिक रूप से जारी रह सकेगा और नदी के भीतर का इकोसिस्टम भी बेहतर हो सकेगा।

बड़े शहरों के हाल बेहाल और बीमारी फैलने का खतरा

सपा प्रमुख ने राजधानी लखनऊ के साथ-साथ स्मार्ट सिटी गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे तमाम बड़े शहरों का जिक्र करते हुए कहा कि हर जगह जलभराव और गंदगी की वजह से स्थिति बदहाल है। इस कारण शहरवासियों में जल जनित बीमारियों के फैलने का भी गंभीर खतरा बना हुआ है। विशेष रूप से नदियों के किनारे रहने वाले और नदीय अर्थव्यवस्था पर निर्भर रहने वाले लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने अंत में तंज कसते हुए कहा, "ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार की आंख का पानी भी बहकर जलराशि को बढ़ा रहा है। भाजपा जाएगी, नदी जीवन पाएगी।"

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article