शहर

करवा चौथ पर पति बना हैवान, खलबट्टे से सिर कुचलकर कर दी पत्नी की हत्या

Gwalior Husband Murder Wife News: मधु ने करवा चौथ के लिए एक दिन पहले ही खरीदारी की थी और देर रात तक हाथों में मेहंदी लगाई थी। थक जाने के कारण वह बिस्तर पर सो गईथी। तभी पति आनंद के अंदर हैवान सवार हुआ और उसने खलबट्टे से सिर कुचलकर अपनी पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

Image

करवाचौथ के दिन पति ने की पत्नी की हत्या (फोटो साभार- TNN)

Gwalior Husband Murder Wife News: करवा चौथ के दिन ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां त्यागी नगर इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। खास बात यह है कि हत्या की सूचना आरोपी ने खुद ही पुलिस को दी। मुरार थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी आनंद श्रीवास्तव ने सुबह FRV पर कॉल कर बताया कि वह त्यागी नगर में रहता है और उसने अपनी पत्नी मधु श्रीवास्तव की घर में ही हत्या कर दी है। शव घर में ही रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि शव बिस्तर पर क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पत्नी की हत्या कर खुद पुलिस को दी सूचना

बताया जा रहा है कि आरोपी आनंद मानसिक रोगी है और कुछ दिन पहले अस्पताल में भी भर्ती रहा था। वह लंबे समय से बीमार था और इन दिनों प्राइवेट नौकरी ढूंढ रहा था। आनंद अपने बड़े भाई सुनील के साथ संयुक्त परिवार में रहता है। उसके दो बच्चे हैं - एक बेटा और एक बेटी। मृतका के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसकी मां मधु ने करवा चौथ के लिए एक दिन पहले ही खरीदारी की थी और देर रात तक हाथों में मेहंदी लगाई थी। थक जाने के कारण वह बिस्तर पर आराम कर रही थी। सुबह पिता आनंद ने बच्चों को पोहे बनाकर खिलाए भी थे। इसके बाद जब पुलिस घर आई तब पता चला कि पिता ने मां की हत्या कर दी है।

किसी को नहीं लगी वारदात की भनक

पुलिस के आने से पहले घर में किसी को भी इस वारदात की भनक तक नहीं थी। सभी यही समझ रहे थे कि मधु थकान के कारण आराम कर रही है। जब पुलिस ने परिजनों को बताया तो सभी सन्न रह गए। मोहल्ले वालों के अनुसार, मधु एक सामान्य गृहिणी थी। उन्हें हत्या की जानकारी तब मिली जब पुलिसकर्मी मोहल्ले में मधु का घर तलाश रहे थे। पड़ोसियों ने बताया कि आनंद के साइको होने के चलते घर में अक्सर विवाद होता था।

फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

मामला गंभीर होने पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मधु की हत्या बिस्तर पर ही खलबट्टे के मूसल से बेरहमी से कुचलकर की गई है। सीएसपी मुरार सर्किल संदीप बांगरे और थाना प्रभारी गोविंद बंगोली ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। हत्या की आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि परिजन अभी शोक में हैं, हालात सामान्य होने पर बयानों और तथ्यों के आधार पर वजह सामने आएगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article