शहर

Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज: घने काले बादलों के बीच झमाझम बारिश; IMD ने जारी किया अलर्ट

Delhi-NCR Rain: दिल्ली-NCR में घने काले बादलों के साथ मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उम्मीद है कि इससे पारे में 3 से 4 डिग्री की गिरावट होगी और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

Image

दिल्ली में बदला मौसम (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Delhi NCR Rain Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के इलाके में आज बारिश की संभावना जताई गई थी और मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया था। लेकिन मंगलवार दोपहर तक आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने दोपहर 2:21 तक के लिए तात्कालिक तौर पर दिल्ली के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में ऑरेंज और शेष इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस बदलाव से पिछले कुछ दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार (29 जुलाई) के लिए भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक यानी 38.1°C दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 28.6°C रहा था। मंगलवार को हुई बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण पारे में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। दिन भर नमी का स्तर 75 से 80 प्रतिशत के बीच रहेगा।

हफ्ते भर कैसा रहेगा मौसम का हाल?

IMD के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, पूरे हफ्ते तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। बुधवार (29 जुलाई) को आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बुधवार और गुरुवार को तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है और अधिकतम तापमान 36°C से 39°C के बीच रहने के आसार हैं। सप्ताह के अंत और अगले सोमवार तक रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां जारी रहने से तापमान फिर गिरकर 31°C से 35°C के बीच आ जाएगा। मौसम विभाग ने लोगों को शाम और रात के समय यात्रा के दौरान जलभराव और ट्रैफिक जाम को ध्यान में रखकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article