शहर

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी और भारी बारिश को लेकर जारी हुआ अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में रविवार शाम मौसम अचानक बदल चुका है। भीषण गर्मी और उमस के बीच कई इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम में यह बदलाव लोगों को तपिश से राहत देगा, हालांकि कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के कारण सतर्क रहने की भी जरूरत होगी।

Image

दिल्ली NCR में आंधी-बारिश का अलर्ट (AI फोटो)

Delhi NCR Weather Alert: दिल्ली-एनसीआर में रविवार शाम मौसम अचानक करवट ले चुका है। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम के अनुसार, शाम 6 बजे से 7:30 बजे के बीच दिल्ली और गुरुग्राम के अधिकांश इलाकों (करीब 60 से 70 प्रतिशत क्षेत्र) में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद के कुछ चुनिंदा हिस्सों में शाम 6:30 बजे से 7:45 बजे के बीच हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। जहां भी बारिश होगी, वहां लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी। हालांकि, रात 7:30 से 8 बजे के बाद बारिश की संभावना काफी कम है और मौसम फिर से सामान्य हो सकता है। वहीं सिर्फ राजधानी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में सोमवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने की संभावना है। दोपहर से रात के बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से करीब 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। सुबह के समय पश्चिमी दिशा से लगभग 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर में 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शाम और रात में हवा की गति फिर घटकर करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।

दिल्ली में 30 जून का मौसम

महीने के आखिरी दिन राजधानी में मौसम का मिजाज लगभग सोमवार की तरह ही बना रहेगा। आंशिक बादलों के बीच दोपहर या रात के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंकों के दौरान इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बने रहने का अनुमान है। सुबह पश्चिमी दिशा से करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर में 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हो सकती हैं। इसके बाद शाम और रात में हवा की रफ्तार घटकर लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article