Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में अगले 3 से 4 घंटों के दौरान मौसम तेजी से बदलने वाला है। IMD का कहना है कि हरियाणा के ऊपर स्थानीय स्तर पर तेज गरज-चमक वाले बादल सक्रिय हो चुके हैं और इनके दिल्ली-एनसीआर के ऊपर पहुंचने की संभावना है। इस दौरान क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 30 से 45 मिनट तक तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, यह बारिश पूरे एनसीआर में नहीं होगी और केवल लगभग 20 से 30 प्रतिशत इलाकों में ही इसका असर देखने को मिल सकता है।
आज के तापमान और AQI का हाल
वहीं आज शुक्रवार को दिल्ली में सुबह से ही बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलग-अलग मौसम केंद्रों के आंकड़ों से पता चला है कि पालम में तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.5 डिग्री कम) और लोधी रोड पर 27.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.4 डिग्री ज़्यादा) दर्ज किया गया। रिज स्टेशन पर तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के हिसाब से सामान्य था, और आयानगर में तापमान 27 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 123 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है।
दिल्ली में कल का मौसम
कल यानी 27 जून को दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर से शाम के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और बिजली गिरने की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज हो सकता है। सुबह के समय पश्चिमी दिशा से करीब 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दोपहर में हवा का रुख उत्तर-पश्चिम की ओर हो जाएगा और इसकी गति घटकर लगभग 15 किमी प्रति घंटे रह सकती है। वहीं शाम और रात के समय उत्तर-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार बढ़कर 25 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
