शहर

एक तरफ मूसलाधार बारिश, दूसरी तरफ जलभराव की मार…दिल्ली से गुरुग्राम तक घर लौटने की जद्दोजहद, कैब के लिए घंटों करना पड़ा इंतजार

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों की सड़कों को जलमग्न कर दिया, जिससे जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में जलभराव के कारण वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को दफ्तरों व घरों तक पहुंचने में परेशानी हुई। कई जगहों पर पानी घरों और सबवे तक पहुंच गया, जबकि पेड़ गिरने और इमारतों से जुड़ी घटनाओं ने भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।

Image

दिल्ली-NCR में बारिश बनी मुसीबत

Photo : PTI

Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही तेज बारिश ने शुक्रवार को जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। जगह-जगह जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि वे घंटों तक कैब बुक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें वाहन नहीं मिल सका या तो उनका प्राइस नॉर्मल रेट से ज्यादा दिख रहा था।

दिल्ली के दुर्गा विहार इलाके में भारी जलभराव देखने को मिला। सड़कों पर काफी मात्रा में पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस दौरान स्कूल जाने वाले बच्चे भी पानी के बीच से गुजरते और खेलते नजर आए। बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन के आसपास भी बारिश का पानी भर गया। यहां पानी सबवे के अंदर तक पहुंच गया, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। छतरपुर के फतेहपुर बेरी स्थित बाल्मीकि बस्ती में भी जलभराव की स्थिति गंभीर रही। इसके अलावा छतरपुर फार्म इलाके में भी कई स्थानों पर पानी जमा हो गया। महिपालपुर फ्लाईओवर के पास करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भरने की सूचना सामने आई। जलभराव के कारण सड़क के एक हिस्से को बंद करना पड़ा। पानी के बीच से निकलने की कोशिश में कई वाहन फंस गए और कुछ डीटीसी बसें भी खराब हो गईं।

ड्रेनेज की खराबी और बदबू और गंदगी की समस्या

महिपालपुर टी-पॉइंट पर भी जलभराव के चलते यातायात प्रभावित रहा। यहां से एयरपोर्ट, गुरुग्राम, छतरपुर और वसंत विहार की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। पश्चिमी दिल्ली के वेरिंदर नगर स्ट्रीट नंबर-5 में भी भारी पानी जमा रहा। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इलाके की ड्रेनेज व्यवस्था ठीक से काम नहीं कर रही थी। कुछ लोगों ने यह भी शिकायत की कि जमा बारिश के पानी में सीवर का पानी मिल जाने से बदबू और गंदगी की समस्या बढ़ गई।

ऑफिस से घर जाने वाले को हुई सबसे ज्यादा दिक्कत

बारिश का असर नोएडा में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। सेक्टर-16 और फिल्म सिटी इलाके में कई सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। दफ्तरों से छुट्टी के बाद घर लौट रहे लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से कैब बुक करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बारिश और जलभराव के कारण कैब उपलब्ध नहीं हो रही थी। कई ऑफिसों के बाहर इतना पानी जमा हो गया कि लोगों के लिए बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया।

गाजियाबाद में भी लगा लंबा जाम

गाजियाबाद में भी बारिश के बाद कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया और लंबा जाम देखने को मिला। वहीं गुरुग्राम के कई हिस्सों में बारिश का पानी सड़कों पर भर गया। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की। गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, सभी थाना प्रभारियों को अपनी-अपनी टीमों को प्रमुख सड़कों पर तैनात करने और जरूरतमंद यात्रियों की मदद करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि शहर के अधिकांश हिस्सों में यातायात सामान्य रूप से चलता रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश और पानी जमा होने के कारण वाहनों की गति प्रभावित हुई।

पेड़ गिरने की 16 घटनाओं की सूचना

लगातार बारिश के बीच दिल्ली फायर सर्विसेज को भी कई आपातकालीन कॉल मिलीं। शुक्रवार शाम तक विभाग को मकान या इमारत के किसी हिस्से के गिरने से संबंधित 9 कॉल प्राप्त हुईं। इसके अलावा पेड़ गिरने की 16 घटनाओं की सूचना भी फायर विभाग को दी गई। एक घटना में पेड़ के मकान पर गिरने से अंदर फंसी तीन महिलाओं को दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने ग्रेटर कैलाश के अलकनंदा इलाके में हुए जलभराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री साहिब सिंह पर निशाना साधा। भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि अलकनंदा में जलभराव के कारण सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है, मानो वह 'वॉटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन' बन गई हो। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी मंत्री मिंटो रोड ब्रिज पर रील बनाने में व्यस्त हैं, जबकि जिस जगह पर जलभराव हुआ है, उसे पिछली आप सरकार के दौरान ठीक कराया जा चुका था।

नाले में गिरने के बाद लापता हुए व्यक्ति का शव मिला

वहीं दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में एक खुले नाले में बह जाने के बाद लापता हुए शख्स का शव शुक्रवार को तलाश अभियान के दौरान बरामद कर लिया गया। हालांकि, उसकी पहचान स्थापित करने और घटना की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों ने शुक्रवार को दूसरे दिन व्यक्ति की तलाश फिर से शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश, अत्यधिक पानी और खराब दृश्यता के कारण अभियान प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का शव बाद में बामनोली नाले के एक हिस्से से बरामद किया गया। व्यक्ति की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी की शिकायतों के रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें