शहर

Delhi NCR Weather: दिल्ली से नोएडा तक धूलभरी आंधी और झमाझम बारिश का दौर, ठंडी हवाओं ने दिलाई गर्मी से राहत; जानें आज का अपडेट

दिल्ली एनसीआर का मौसम (दिल्ली NCR में आज का मौसम कैसा रहेगा) 4 May 2026: दिल्ली एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए धूल भरी आंधी और तेज बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से क्षेत्र में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

Image

दिल्ली NCR का मौसम

जूी दिल्ली एनसीआर में आज का मौसम (4 May 2026): दिल्ली एनसीआर में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। धूल भरी तेज आंधी के साथ आसमान में बादलों की गर्जना होने लगी, जिसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस बदलाव से तापमान में कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक रही। आनंद विहार रेलवे स्टेशन के आसपास लगभग 15 मिनट तक तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखी गईं। मौसम विभाग के अनुसार, आज 4 और कल 5 मई तक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहेगा, जिसके चलते राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा।

दिल्ली में आज का मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में आज आसमान सामान्य रूप से बादलों से ढका रहने की संभावना है। सुबह और दोपहर से पहले के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जिसके साथ गरज-चमक और बिजली कड़कने की स्थिति भी बन सकती है। इस दौरान कभी-कभी तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है और कुछ स्थानों पर यह 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। बता दें कि, शाहदरा क्षेत्र के लिए ’रेड अलर्ट’ जारी किया गया है जबकि दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।

दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश

दोपहर और शाम के समय एक बार फिर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इस दौरान हवाएं और तेज़ हो सकती हैं, जिनकी गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे रहने और कुछ जगहों पर 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रह सकता है। हवा की दिशा मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्वी रहने की संभावना है। सुबह के समय इसकी गति लगभग 20 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। दोपहर में हवा थोड़ी तेज होकर 25 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि शाम और रात के समय यह धीमी होकर पूर्व दिशा से 18 किमी प्रति घंटे से कम रह जाएगी।

दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी में कल के मौसम की बात करें तो, दिल्ली में कल सुबह से लेकर दोपहर तक के बीच एक या दो बार बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने की संभावना भी बनी रहेगी। साथ ही, सतह पर तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति आमतौर पर 20 से 30 किमी प्रति घंटे रहने और कुछ समय के लिए 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

कल ऐसा रहेगा तापमान का हाल

कल ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से काफी नीचे रह सकता है। कुछ अलग-अलग इलाकों में यह सामान्य से बहुत अधिक नीचे भी दर्ज किया जा सकता है। हवाओं की दिशा मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्वी रहने की संभावना है। सुबह के समय हवा की गति लगभग 20 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। दोपहर में यह घटकर करीब 18 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। वहीं शाम और रात के समय हवा की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्वी हो सकती है और इसकी गति घटकर लगभग 15 किमी प्रति घंटे तक रह जाएगी।

दिल्ली एनसीआर के मौसम का पूर्वानुमान

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 4 और 5 मई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ समय के लिए हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि अलग-अलग दौर में यह और अधिक तेज भी हो सकती है। इस अवधि में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। अधिकतम तापमान में पहले गिरावट दर्ज होने के बाद अगले दिनों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्के बदलाव बने रह सकते हैं।

मौसम विभाग ने दी लोगों को यह सलाह

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़ों की शाखाएं टूट सकती हैं, कमजोर या पुराने पेड़ उखड़ सकते हैं, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। मौसम विभाग ने इसके अलावा कच्चे मकानों, झोपड़ियों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने, चारदीवारी के आंशिक रूप से गिरने, वाहन चलाने में कठिनाई और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी जताई है। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित इमारतों में रहने, कमजोर ढांचों से दूर रहने और तेज हवाओं के दौरान खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article