शहर

Delhi Murder: लूटपाट का विरोध पड़ा भारी, दिल्ली में बस खलासी की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में लूटपाट का विरोध करने पर राजस्थान के 25 वर्षीय बस खलासी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : Times Now Digital

Delhi Crime News: पूर्वोत्तर दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में लूटपाट के प्रयास का विरोध करने पर राजस्थान के 25 वर्षीय बस खलासी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवको अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के निवासी मुशर्रफ के रूप में हुई है। वह दिल्ली में एक निजी बस के खलासी के तौर पर काम करता था। मुशर्रफ के परिवार में माता-पिता और बहनें हैं, जो आर्थिक रूप से उसी पर निर्भर थीं। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

घर लौटते समय रास्ते में हमलवारों ने घेरा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना 14 और 15 जून की दरमियानी रात की है, जब मुशर्रफ अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर उसे रोक लिया और लूटपाट का प्रयास किया। एक सूत्र ने बताया, "जब पीड़ित ने लूटपाट के प्रयास का विरोध किया तो हमलावरों ने कथित तौर पर उस पर कई बार चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गए।" बाद में मुशर्रफ खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस उसे गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। इसके लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article