दिल्ली में आज का मौसम (29 June 2026): दिल्लीवासियों पर गर्मी और उमस का सितम लगातार जारी है। दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को उमस परेशान कर रही है। पिछले दो दिनों से राजधानी में भयंकर गर्मी महसूस हो रही है। हवा में नमी अधिक होने के कारण उसम भी भीषण पड़ रही है। जिससे कूलर की हवा भी बेअसर हो जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार की रात पिछले दो सालों में जून की सबसे गर्म रातों में से एक रही। अधिक नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी महसूस हुई।
दिल्ली में गर्मी से कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी के आसार हैं। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। हालांकि अगले दो दिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार रात से लेकर मंगलवार और बुधवार तक राजधानी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, लेकिन मंगलवार से इसमें धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर दिल्ली में बारिश का सिलसिला शुरू होता है तो अगले चार दिनों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी में 1 जुलाई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ सकता है। वहीं 3 जुलाई तक यह 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
दिल्ली में मानसून की दस्तक कब तक?
दिल्ली में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 27 जून है। लेकिन इस बार इसकी एंट्री देरी से होने वाली है। इस बार मानसून अभी तक पूरी तरह एक्टिव नहीं हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी कुछ दिनों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। लेकिन मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने में अभी थोड़ा समय लग सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। वहीं लोधी रोड इलाके में पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस दौरान राजधानी में हवा में नमी 37 से 70 प्रतिशत के बीच रहा। जिस कारण दोपहर में लोगों को तापमान लगभग 50.7 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ। दिन के साथ ही रात के समय भी मौसम ने लोगों को राहत नहीं दी। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जून 2024 के बाद सबसे गर्म रात मानी जा रही है। लगातार गर्म और उमस भरे मौसम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
