शहर

Delhi Weather Today: दिल्ली में मार्च बना 'दिसंबर'; पारा लुढ़का, लौटा कोहरा; आखिर क्यों कुदरत दिखा रही है ये दुर्लभ तेवर?

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21 Mar 2026: दिल्ली में मौसम ने ऐसा 'यू-टर्न' लिया जिसने हर किसी को हैरत में डाल दिया। जहां लोग गर्मियों के स्वागत के लिए एसी (AC) की सर्विसिंग और पंखों की सफाई में जुटे थे, वहीं अचानक आई बर्फीली हवाओं ने अलमारियों में बंद हो चुके कंबल दोबारा बाहर निकलवा दिए हैं। आइए जानते हैं, दिल्ली NCR के आज के मौसम का हाल।

Image

दिल्ली में बारिश के बाद दिखा मार्च में कोहरा

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में आज का मौसम (21 Mar 2026): राजधानी दिल्ली में इस बार मार्च की शुरुआत ने मई-जून जैसी तपिश का अहसास कराया था, लेकिन कल, शुक्रवार ने पिछले 6 सालों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। महज एक घंटे के भीतर आसमान में काली घटाएं छाईं और तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने पारे को अर्श से फर्श पर लाकर खड़ा कर दिया। 20 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री गिरकर 21.7 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया, जो साल 2020 के बाद मार्च का सबसे कम तापमान है।

1000 किलोमीटर लंबा 'रेन बैंड' और दुर्लभ विक्षोभ

मौसम वैज्ञानिकों के लिए भी यह बदलाव किसी पहेली से कम नहीं है। आमतौर पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सर्दियों में सक्रिय होते हैं और घुमावदार होते हैं। लेकिन इस बार अफगानिस्तान से लेकर भारत तक करीब 1000 किलोमीटर लंबी एक सीधी ट्रफ (कम दबाव की रेखा) बनी है। इस दुर्लभ 'रेन बैंड' और ऊंचाई पर चलने वाली बर्फीली हवाओं के मिलन ने दिल्ली-एनसीआर में 'विंड चिल फैक्टर' पैदा कर दिया, जिससे मार्च के महीने में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड का अहसास होने लगा।

कोहरे की चादर और 'जीरो' विजिबिलिटी

हैरानी की बात यह रही कि बारिश के बाद गुरुवार की आधी रात और शुक्रवार की सुबह नोएडा-ग्रेटर नोएडा समेत पूरी दिल्ली घने कोहरे की आगोश में समा गई। मार्च के महीने में इस कदर धुंध छाई कि सड़कों पर दृश्यता (Visibility) लगभग शून्य तक पहुँच गई। वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर रेंगना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह अचानक आया बदलाव 'जलवायु असंतुलन' का एक बड़ा संकेत है।

आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

आज, शनिवार (21 मार्च) को भी आसमान में बादलों की लुकाछिपी जारी रहेगी। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के समय धूप निकलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी और पारा 26 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है। लेकिन, सुबह और रात की ठंडक अभी बरकरार रहेगी। नमी और ठंडी हवाओं के कारण सुबह के वक्त अभी भी कुछ इलाकों में कोहरा देखने को मिल सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!