शहर

IIT Delhi News: 31 वर्षीय छात्र की मौत से मचा बवाल, कक्षाएं स्थगित; गुस्साए छात्रों ने जांच, मुआवजे और जवाबदेही की उठाई मांग

IIT Delhi Student Death News: 31 वर्षीय एमएससी भौतिकी छात्र की मौत के बाद सोमवार को परिसर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने घटना की स्वतंत्र जांच, प्रशासनिक जवाबदेही और छात्रों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। बढ़ते विरोध के बीच संस्थान ने सोमवार की कक्षाएं स्थगित कर दीं, जबकि निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की।

Image

शनिवार को हुई थी छात्र की मौत

Photo : PTI

IIT Delhi Student Death News: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली में एमएससी भौतिकी के 31 वर्षीय छात्र की मौत के बाद सोमवार को छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदर्शन के बीच संस्थान ने सोमवार के लिए कक्षाएं स्थगित कर दीं। बड़ी संख्या में छात्र लेक्चर हॉल परिसर में जुटे और प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

छात्रों ने की मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को छात्र परिसर की एक इमारत की छठी मंजिल से गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद छात्रों ने मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग उठाई। उनका आरोप है कि छात्र की मौत से जुड़े संभावित प्रशासनिक पहलुओं की भी जांच होनी चाहिए और अगर किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

अकादमिक और व्यक्तिगत दबाव से जुड़े कई मुद्दे उठाए

प्रदर्शनकारी छात्रों ने अकादमिक और व्यक्तिगत दबाव से जुड़े कई मुद्दे भी उठाए। उनका कहना है कि छात्रों को अकादमिक प्रोजेक्ट उपलब्ध न होना, हॉस्टल और आवास संबंधी परेशानियां तथा पर्याप्त सहायता तंत्र का अभाव मानसिक तनाव बढ़ा सकता है। छात्रों ने संस्थान की मानसिक स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की मांग की।

इनके-इनके इस्तीफे की मांग रखी गई

छात्रों ने छात्र कल्याण मामलों के डीन, एसोसिएट डीन और भौतिकी विभाग के प्रमुख समेत कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के इस्तीफे की मांग रखी। इसके अलावा मृतक छात्र के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने, प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने और प्रशासन से सभी मांगों पर लिखित जवाब देने की मांग भी की गई।

निदेशक और वरिष्ठ शिक्षकों ने की छात्रों से बातचीत

बाद में आईआईटी दिल्ली के निदेशक रंगन बनर्जी और वरिष्ठ शिक्षकों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की। छात्रों के अनुसार, प्रशासन ने कुछ मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है, जबकि कई मुद्दों पर अभी सहमति बनना बाकी है। निदेशक रंगन बनर्जी ने छात्रों से मुलाकात की पुष्टि की, लेकिन मामले पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article