दिल्ली में आज का मौसम (20 June 2026): भारत के अलग-अलग हिस्सों में इस समय मौसम का मिला जुला हाल देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के लोग सूरज की तपिश और भीषण लू (Heatwave) से बेहाल हैं, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून और प्री-मानसून की एक्टिविटी के चलते भारी बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल थोड़ी धीमी जरूर है, जिससे कई हिस्सों में पानी की कमी बनी हुई है, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में यह तेजी से आगे बढ़ेगा।
दिल्ली-NCR में आ सकती है बारिश
भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे दिल्ली-NCR के निवासियों के लिए आज राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, आज (20 जून) से दिल्ली-NCR के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान में सीधी 4 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे पारा 38°C तक आ जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 26°C रहने की उम्मीद है।
आज दोपहर या शाम के समय पूरी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे (जो झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है) की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है।
NCR में अगले तीन दिनों तक इसी तरह गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर प्री-मानसून की फुहारें पड़ती रहेंगी, जिससे उमस से राहत मिलेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- खान सर को बड़ी राहत! कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक रखी बरकरार; 25 जून को होगी अगली सुनवाई
पूर्वोत्तर और दक्षिण में आज भी बरसात जारी
IMD ने पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के राज्यों के लिए बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम समेत कई राज्यों में अगले 48 घंटों के भीतर 'भारी से बहुत भारी बारिश' होने की आशंका है। इसके अलावा, दक्षिण भारत के केरल और तटीय इलाकों में मानसून की अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि मध्य और पश्चिमी भारत को अभी झमाझम पानी का इंतजार है। तो अब ये सवाल मन में उठना लाजमी है कि मानसून दिल्ली कब पहुंचेगा।
जानें कब दिल्ली पहुंचेगा मानसून? (Monsoon Tracker 2026)
4 जून को केरल के रास्ते भारत में एंट्री करने के बाद मानसून अब आगे बढ़ने के लिए तैयार है। मौसम विभाग ने मानसून की नई समयसीमा और तारीखों का एलान किया है। 23 जून के आसपास मानसून के महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो रही हैं। वहीं दिल्ली की बात करें तो मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 25-26 जून के आसपास बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने की उम्मीद है, जिसके बाद मानसून आगे बढ़ेगा और जुलाई के शुरुआती दिनों में दिल्ली पहुंचेगा। 29 और 30 जून को दिल्ली-NCR में भारी गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान है, जो राजधानी में मानसून के आधिकारिक आगमन का संकेत होगा।
