शहर

Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में मानसून की मेहरबानी, 6 डिग्री से ज्यादा गिरा पारा; कई इलाकों में लगा जाम

Delhi Weather Today (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 07 August 2026: दिल्ली-NCR में लगातार मानसूनी बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) ने 7 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जानिए अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम।

Image

दिल्ली में आज येलो अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Delhi Weather Today 07 August: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के पूरे NCR (गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने लोगों को भीषण उमस और गर्मी से राहत दिलाई है। शुक्रवार (7 अगस्त) तड़के सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर रिमझिम बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार पूरे दिन के लिए दिल्ली-NCR में 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

कल ठंडा रहा था मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार (6 अगस्त) इस साल अगस्त का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। लगातार हुई मध्यम से भारी बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट देखी गई है। दिनभर 10 से 15 किमी/घंटा की गति से चली पश्चिमी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। हालांकि, लगातार हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में भारी जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिली।

दिल्ली के कई इलाकों में लगा लंबा जाम

सुबह से लगातार हो रही बारिश से आज भी कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात की रफ्तार थम गई है। आरटीओ, मंदिर मार्ग, प्रगति मैदान समेत कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लगा हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगस्त के पहले सप्ताह में मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है और मौसम विभाग ने फिलहाल येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों तक रुक-रुक कर मध्यम से तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

आज कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसूनी ट्रफ के सक्रिय होने के चलते बारिश का यह दौर बना हुआ है। आज के मौसम पूर्वानुमान की बात करें तो, सुबह से दोपहर तकआसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। शाम और रात के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर होने का अनुमान है। अधिकतम 31-33°C और न्यूनतम 22-24°C के बीच रहने का अनुमान है।

10 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

IMD के अनुसार, 8 अगस्त से 10 अगस्त के बीच दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का सिलसिला लगातार बना रहेगा। अगले 7 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होगी, जिससे दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article