शहर

दिल्ली में आपका भी कटा है चालान तो जुलाई के पहले हफ्ते से लगेंगी स्पेशल कोर्ट, इस बार सस्ते में निपटा लें

दिल्ली में 4.30 करोड़ से अधिक लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए जुलाई से विशेष ट्रैफिक अदालतें शुरू करने का फैसला लिया गया है। ये अदालतें दूसरे शनिवार और प्रत्येक रविवार के दिन लगेंगी। वाहन मालिक ऑनलाइन स्लॉट बुक कर चालान का निपटारा कर सकेंगे।

Image

सांकेतिक फोटो

Delhi Special Traffic Court: दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक चालानों के बोझ को कम करने के लिए जुलाई से विशेष ट्रैफिक अदालतें शुरू करने का फैसला लिया गया है। ये अदालतें जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू होंगी और हर दूसरे शनिवार व प्रत्येक रविवार को लगेंगी। इसक कदम का मकसद वाहन मालिकों और कामकाजी लोगों को कार्यदिवस में कोर्ट जाने की परेशानी से राहत देना है।

सभी जिलों में लगेंगी दो स्पेशल अदालतें

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सभी 11 जिलों में दो-दो विशेष अदालतें लगाई जाएंगी। इनकी शुरुआत 5 जुलाई से होने वाली है। ये अदालतें सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक काम करेंगी। इनमें मुख्य रूप से उन मामलों की सुनवाई की जाएगी, जिनका निपटारा जुर्माना भरकर किया जा सकता है।

दिल्ली में लंबित ट्रैफिक चालान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 15 जून तक 4.30 करोड़ से ज्यादा ट्रैफिक चालान लंबित हैं। इनमें करीब 1 करोड़ स्पॉट चालान और 3.30 करोड़ ऑटोमेटेड कैमरों से जारी किए गए चालान शामिल हैं। इस साल जारी हुए 42.2 लाख चालानों में से 96.5% मामले अभी भी लंबित हैं। तय समय के अंदर भुगतान या समाधान नहीं होने पर चालान वर्चुअल कोर्ट में पहुंच जाते हैं, जिससे लंबित चालानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोगों की सुविधा के लिए पहले से शाम की अदालतें और लोक अदालतें चल रही हैं, लेकिन कामकाजी लोगों को ऑफिस डे के कारण कोर्ट पहुंचने में परेशानी होती है। इसी वजह से अब वीकेंड में भी विशेष व्यवस्था शुरू की जा रही है।

ऑनलाइन चालान कैसे भरें?

  • सबसे पहले दिल्ली पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित डिजिटल पोर्टल पर जाएं।
  • चालान के निपटारे के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक करें।
  • पोर्टल से अपना चालान डाउनलोड करें।
  • अपनी सुविधा के मुताबिक कोर्ट, तारीख और समय चुनें।
  • जुर्माना UPI, भारत बिल पेमेंट सिस्टम (BBPS) या अन्य डिजिटल माध्यमों से जमा करें।

एक दिन में 700 चालान का निपटारा!

अधिकारियों का मानना है कि हर अदालत में प्रतिदिन लगभग 700 चालानों का निपटारा किया जा सकेगा। इससे चालान के लंबित मामलों की संख्या कम होगी और लोगों के लिए चालान निपटाने की प्रक्रिया भी आसान हो जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article