शहर

'उत्तम नगर में ईद के मौके पर माहौल न बिगड़े, कड़ी हो सुरक्षा...' दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस को दिया निर्देश

Uttam Nagar Murder Case: राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर हत्याकांड मामले में दिल्ली हाई कोर्ट में दो याचिकाएं दाखिल की गई थीं। इसमें ईद के दौरान सुरक्षा कड़ी करने की मांग की गई थी।

Image

उत्तम नगर हत्याकांड मामले में दिल्ली हाई कोर्ट में दो याचिकाएं दाखिल की गई थीं (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली हाई कोर्ट ने उत्तम नगर में होली के दिन 26 वर्षीय युवक की हत्या के बाद फैले तनाव के बीच बृहस्पतिवार को पुलिस और प्रशासन को ईद के मौके पर शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय और न्यायाधीश तेजस कारिया की पीठ ने कहा कि इलाके में पुलिस बंदोबस्त इस तरह से किए जाएं कि सभी लोगों में सुरक्षा और भरोसे की भावना पैदा हो।

पीठ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी को भी ऐसी शरारत करने की अनुमति न दी जाए, जिससे कोई 'अप्रिय स्थिति' पैदा होने की आशंका हो।पीठ ने स्पष्ट किया कि इलाके में पुलिस व्यवस्था आगामी राम नवमी तक जारी रहेगी।

पीठ ने एक नागरिक अधिकार समूह 'एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स' की जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। समूह ने उत्तम नगर में ईद के अवसर पर सांप्रदायिक हिंसा की आशंका को दूर करने के लिए बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था।

' इस 'पवित्र अवसर' पर कोई अप्रिय घटना सार्वजनिक जीवन को प्रभावित न करे'

अदालत ने कहा कि ईद खुशी का त्योहार है और सभी अधिकारियों का यह कर्तव्य है कि इस 'पवित्र अवसर' पर कोई अप्रिय घटना सार्वजनिक जीवन को प्रभावित न करे।अदालत ने कहा, 'इसलिए हम पुलिस और नागरिक प्रशासन को निर्देश देते हैं कि वे कानून के तहत सभी आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि किसी भी तरह से स्थिति न बिगड़े। ईद के मौके पर शांतिपूर्ण माहौल कायम किया जाए।'

'सभी लोगों में सुरक्षा और भरोसे की भावना पैदा हो'

अदालत ने कहा, 'पुलिस बंदोबस्त ऐसा होना चाहिए जिससे सभी लोगों में सुरक्षा और भरोसे की भावना पैदा हो। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि समाज के किसी भी वर्ग का कोई व्यक्ति ऐसी शरारत न कर पाए जिससे कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका हो।'

एक नाबालिग को हिरासत में लेने के अलावा कई लोगों को गिरफ्तार किया

पुलिस की ओर से वकील ने आश्वासन दिया कि पांच मार्च से इलाके में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पश्चिम-दिल्ली के उत्तम नगर में होली के जश्न के दौरान दो पड़ोसी परिवारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण हिंसा हुई, जिसमें एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लेने के अलावा कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article